Jharkhand

झारखंड में फिर बिगड़ा मौसम का मिजाज, 24 जिलों पर भारी बारिश का अलर्ट

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

RANCHI: झारखंड में बारिश का दौर एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ा रहा है. लगातार हो रही तेज बारिश को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के लिए गंभीर चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के मुताबिक, 2 सितंबर की सुबह 5:30 बजे तक का समय बेहद संवेदनशील रह सकता है. लगातार बारिश के कारण झारखंड समेत उत्तर और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में जलजमाव और बाढ़ जैसे हालात बनने की आशंका जताई गई है. झारखंड के सभी 24 जिलों में भारी बारिश के कारण अचानक जलस्तर बढ़ने और निचले इलाकों में पानी भरने का खतरा बना हुआ है.

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के किसी भी हिस्से में स्थिति बिगड़ सकती है. खासकर नदी, नाले और जलाशयों के आसपास रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है. लगातार बारिश के कारण मिट्टी में नमी पहले से काफी बढ़ चुकी है. ऐसे में अगर आगे भी तेज बारिश होती है तो जमीन पानी को ज्यादा देर तक सोख नहीं पाएगी और बारिश का पानी तेजी से बहते हुए निचले क्षेत्रों की ओर पहुंच सकता है. इससे ग्रामीण इलाकों के साथ-साथ शहरों में भी जलभराव की स्थिति पैदा होने की आशंका है.

राजधानी रांची के अलावा रामगढ़, लोहरदगा, गुमला और खूंटी में भी मौसम को लेकर सतर्कता जरूरी है. वहीं पलामू, गढ़वा, लातेहार, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह जैसे जिलों में भी लगातार बारिश के चलते परेशानी बढ़ सकती है. संथाल परगना के देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में भी लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. धनबाद, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में भी तेज बारिश का असर देखने को मिल सकता है.

झारखंड के साथ आसपास के राज्यों में भी मौसम की स्थिति चुनौतीपूर्ण रहने की संभावना है. पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों, पूर्वी मध्य प्रदेश, बिहार, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण जलस्तर बढ़ने और निचले इलाकों में पानी जमा होने का खतरा है. बिहार में कैमूर, औरंगाबाद, गया, नवादा, रोहतास, अरवल और बक्सर प्रभावित हो सकते हैं. ओडिशा के संबलपुर, सुंदरगढ़, मयूरभंज, क्योंझर और बालासोर में भी विशेष सतर्कता की जरूरत है.

मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं. निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से मौसम पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है. प्रशासन ने लोगों को नदी-नालों के पास जाने से बचने और जलभराव वाले रास्तों पर सावधानी बरतने की सलाह दी है. लगातार बारिश की स्थिति में लोगों से स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है.