टीएनपी डेस्क(TNP DESK):बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर पिछले तीन-चार दिनों से झारखंड पर व्यापक रूप से देखने को मिल रहा है, जहां अलग-अलग जिलों में कहीं रुक-रुक कर हल्की-मध्यम तो कहीं भारी बारिश देखने को मिल रही है. वहीं, आज यानी गुरुवार के मौसम की बात की जाए तो आज भी झारखंड के 6 जिलों में भारी बारिश देखने को मिल रही है. अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आने वाले 30 अगस्त तक झारखंड में लगातार बारिश, तूफान का दौर जारी रहेगा. जिसे खास तौर पर लोगों को सावधान रहने की हिदायत दी गई है.
आज 6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
आज झारखंड के जिन 6 जिलों में भारी बारिश को लेकर लोगों को अलर्ट रहना है, उन जिलों में पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, हजारीबाग और कोडरमा शामिल हैं. वहीं, कल यानी 28 अगस्त को रक्षाबंधन है. इस दिन भी झारखंड के अलग-अलग जिलों में बारिश का खतरा बना हुआ है. 28 अगस्त को चतरा, हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह में भारी बारिश के साथ वज्रपात की चेतावनी है. 29 अगस्त को दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश की संभावना है. यानी आने वाले अगले चार-पांच दिनों तक झारखंड के लोगों को बारिश, वज्रपात और आंधी-तूफान से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है.
वज्रपात से रहें सावधान
आपको बता दें कि मौसम विभाग की ओर से लगातार लोगों को वज्रपात से सावधान रहने की हिदायत दी जा रही है. खराब मौसम के समय खुले मैदान, खेत और पेड़ के नीचे न रुकने की सलाह दी जा रही है. लेकिन राज्य में अलग-अलग जिलों से आए दिन वज्रपात से लोगों की जान जाने की खबर आती है. पिछले 24 घंटे के दौरान राजधानी रांची में 56 वर्षीय की मौत हो गई, जहां बुधवार को ओरमांझी के गणेशपुर गांव में ठनका गिरने से 56 वर्षीय किसान रामदेव बेदिया की मौत हो गई. आने वाले अगले चार-पांच दिनों तक झारखंड के लोगों को वज्रपात से सावधान रहने की हिदायत दी गई है. इस तरह मौसम विभाग की बात को हल्के में न लें और इसे गंभीरता से मानकर पालन करें.
रोजाना बारिश की बारिश के बावजुद अब भी झारखंड में 10% कम बारिश
अगस्त खत्म होने में अब महज पांच दिन बाकी हैं, लेकिन झारखंड में मानसून की रफ्तार उम्मीद के मुताबिक नहीं रही है. राज्य में अब तक सामान्य बारिश का आंकड़ा पूरा नहीं हो पाया है. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 1 जून से 26 अगस्त तक झारखंड में सामान्य तौर पर 759.1 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, जबकि इस अवधि में सिर्फ 679.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है. यानी राज्य में बारिश सामान्य से करीब 10 प्रतिशत कम है.
पढ़े अपने जिले का तापमान
रांची का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. धनबाद में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस, जबकि देवघर में अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. वहीं, मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.
