टीएनपी डेस्क(TNP DESK):झारखंड के अलग-अलग जिलों में इन दिनों रोजाना बारिश और वज्रपात देखने को मिल रहा है वही आज यानी शनिवार के मौसम के मौसम की बात की जाएं तो आज भी झारखंड के कुछ जेल में भारी बारिश की संभावना है जिसको देखते हुए मौसम विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया है वही कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है. हालांकि, तेज हवा और वज्रपात का खतरा अभी भी बना हुआ है. इसलिए झारखंड के लोगों को सावधान रहने की जरूरत है. मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले अगले 24 घंटे के दौरान मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलेगा और कुछ जिलों में तेज बारिश हो सकती है.
कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट
23 अगस्त को झारखंड के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है. खासकर पलामू, गढ़वा, चतरा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, इसलिए लोगों को आकाशीय बिजली से सावधान रहने की सलाह दी गई है.वही 24 और 25 अगस्त को भी राज्य के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं, 26 और 27 अगस्त को कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. हालांकि, इन दोनों दिनों के लिए मौसम विभाग की ओर से किसी तरह की विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है.
पिछले 24 घंटे में कहां कितनी हुई बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड के मौसम की बात की जाये तो राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई. जहां चाईबासा में सबसे ज्यादा 10 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई. इसके अलावा जमशेदपुर, बोकारो-थर्मल और लातेहार में भी बारिश हुई.अगर पूरे मानसून सीजन की बात करें तो 1 जून से अब तक चाईबासा में सबसे ज्यादा 931.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है. इसके बाद रांची में 864.6 मिलीमीटर, जमशेदपुर में 672.7 मिलीमीटर और डालटनगंज में 639.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई है. बारिश के साथ-साथ राज्य के कई इलाकों में उमस भी बनी हुई है. डालटनगंज में 98 प्रतिशत और रांची में 95 प्रतिशत तक नमी दर्ज की गई है.
पढ़े अपने जिले का तापमान
रांची का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.धनबाद में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस, जबकि देवघर में अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.वहीं, मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.
