टीएनपी डेस्क(TNP DESK):झारखंड में बुधवार को मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है, वहीं कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवा चलने की भी आशंका है. मौसम विभाग ने 26 अगस्त के लिए 10 जिलों को लेकर विशेष चेतावनी जारी की है.आज रांची, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, लोहरदगा, चतरा और लातेहार में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है. इन इलाकों में कहीं तेज तो कहीं भारी बारिश हो सकती है. बारिश के दौरान अचानक गरज-चमक के साथ वज्रपात होने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है.
इन जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा
इसके अलावा झारखंड के दूसरे जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा. राज्य के लगभग सभी हिस्सों में बादल छाए रहने और कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. बारिश के चलते दिन के तापमान में भी कमी आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलेगी.हालांकि बारिश के साथ वज्रपात का खतरा भी बना रहेगा. ऐसे मौसम में लोगों को खुले मैदान, खेत या पेड़ के नीचे जाने से बचना चाहिए. तेज हवा और बिजली चमकने के दौरान घर के अंदर रहना ज्यादा सुरक्षित रहेगा. रांची में बुधवार को अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
वज्रपात से रहें सावधान
बारिश के दौरान वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. मौसम खराब होने पर खुले मैदान, खेत, पेड़ के नीचे और बिजली के खंभों के पास जाने से बचें. संभव हो तो घर के अंदर रहें और बारिश के दौरान मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल करते समय भी सावधानी बरतें. प्रशासन की ओर से जारी मौसम संबंधी अलर्ट का पालन करें और वज्रपात के समय सुरक्षित स्थान पर ही रहें.
पढ़े अपने जिले का तापमान
रांची का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.धनबाद में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 31 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस, जबकि देवघर में अधिकतम 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.वहीं, मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.
