टीएनपी डेस्क (TNP DESK):झारखंड में मौसम का मिजाज बदल गया है.पिछले कुछ दिनों से राज्य में बादलों की आवाजाही और बारिश के कारण मौसम सुहाना बना हुआ है. हालांकि कुछ जिलों में अभी भी दोपहर के समय तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है.मौसम विभाग के अनुसार झारखंड में जून के पहले सप्ताह तक बारिश की संभावना बनी हुई है. पिछले 24 घंटे में कोल्हान क्षेत्र में बारिश लगभग नहीं के बराबर रही, लेकिन तापमान में गिरावट आने से लोगों को थोड़ी राहत मिली है.
आने वाले दिनों में बादल छाए रहेंगे
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में बादल छाए रहेंगे और कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है.तेज हवा चलने की भी संभावना है, जिससे तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी.आज यानी मंगलवार को गुमला, सिमडेगा, खूंटी, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.
पढ़ें कहां कितना रहा तापमान
रांची में सोमवार को अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.2 डिग्री कम है. वहीं न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम है.बीते 24 घंटों में रांची में 1.8 मिमी बारिश और कांके कृषि मौसम केंद्र में 2.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो राज्य में सबसे अधिक रही.राज्य में डालटनगंज सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं बोकारो में 37.1 डिग्री, चाईबासा में 36.8 डिग्री और जमशेदपुर में 36.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
पढ़ें अपने जिले का तापमान
रांची का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. धनबाद में अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 37 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री, जबकि देवघर में अधिकतम 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. वहीं मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.
