टीएनपी डेस्क(TNP DESK):झारखंड में एक बार फिर मानसून सक्रिय रहने वाला है.IMD के ने 20 और 21 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, वही 22 से 25 अगस्त के बीच बारिश की गतिविधियां और बढ़ने की संभावना है. इस दौरान झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश भी देखने को मिल सकती है. आज यानी 20 अगस्त को राज्य के अधिकांश जिलों में आसमान में बादल छाए रहने और कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है. खासकर दक्षिणी झारखंड और कोल्हान क्षेत्र में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है.
आज इन जिलों में बारिश वज्रपात का अलर्ट
आने वाले अगले दो दिनों के अंदर रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां समेत दक्षिणी झारखंड के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. मौसम खराब होने के दौरान कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं. ऐसे में लोगों को वज्रपात से बचाव के लिए सावधानी बरतने की जरूरत है. बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभों और अन्य ऊंची संरचनाओं के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी जाती है.पिछले दिनों बने निम्न दबाव के प्रभाव से झारखंड के कई जिलों में लगातार बारिश हुई है. दक्षिणी झारखंड और कोल्हान क्षेत्र में इसका असर सबसे ज्यादा देखने को मिला, जहां कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बन गई. पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा समेत आसपास के क्षेत्रों में भी लगातार बारिश का असर देखा गया. वहीं, राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में भी आज बारिश की संभावना बनी हुई है. रांची के ओरमांझी क्षेत्र में भी बारिश का अनुमान है.
25 अगस्त तक जारी रहेगा बारिश का दौर
अब मौसम विभाग ने 22 से 25 अगस्त के बीच बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने का अनुमान जताया है. इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की समस्या बढ़ सकती है और नदी-नालों का जलस्तर भी बढ़ने की संभावना है. ऐसे में लोगों को मौसम के ताजा अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी जाती है. फिलहाल झारखंड में मानसून सक्रिय बना हुआ है और आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.
पढ़ें अपने जिले का तापमान
रांची का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.धनबाद में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस, जबकि देवघर में अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.वहीं, मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.
