Jharkhand

Weather Alert: झारखंड में अगले 4 दिन तक नहीं थमेगा बारिश का दौर, आंधी तूफ़ान से सावधान रहने की हिदायत

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

टीएनपी डेस्क(TNP DESK):झारखंड में अगले चार दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 13 अगस्त यानी आज राज्य के दक्षिणी, मध्य और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. मध्य क्षेत्र में रांची, गुमला, खूंटी, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, बोकारो और लोहरदगा जिले शामिल हैं. वहीं कई इलाकों में गरज के साथ वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. ऐसे में बारिश के दौरान लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.

वज्रपात से खास तौर पर रहें सावधान

वज्रपात की संभावना को देखते हुए लोगों को खुले मैदान, खेत और पेड़ के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी जाती है. अगर अचानक मौसम खराब होता है तो सुरक्षित स्थान पर चले जाना बेहतर होगा. 13 अगस्त को दक्षिणी हिस्सों के अलावा मध्य और उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में भी मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है.मौसम विभाग के अनुसार 13 से 16 अगस्त तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश, वज्रपात और तेज हवा का दौर बना रह सकता है. इस दौरान मौसम में अचानक बदलाव की स्थिति भी बन सकती है. इसलिए लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है.

पश्चिमी सिंहभूम में सबसे ज्यादा बारिश

मानसून के दौरान झारखंड में अब तक सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है. 1 जून से 11 अगस्त के बीच राज्य में 739 मिलीमीटर बारिश हुई है. वहीं इस अवधि में सामान्य बारिश 616.5 मिलीमीटर होनी चाहिए थी. इस हिसाब से राज्य में सामान्य से करीब 22 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है.जिलेवार आंकड़ों पर नजर डालें तो पश्चिमी सिंहभूम में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई है. जिले में 761.4 मिलीमीटर बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश का आंकड़ा 609.1 मिलीमीटर है. इस तरह पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से करीब 21 फीसदी अधिक बारिश हुई है. राज्य के कई अन्य जिलों में भी सामान्य से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है, हालांकि कुछ जिले अब भी बारिश की कमी का सामना कर रहे हैं.

पढ़े अपने जिले का तापमान 

रांची का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.धनबाद में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस, जबकि देवघर में अधिकतम 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.वहीं, मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.