TNP डेस्क: झारखंड में मानसून की सक्रियता बुधवार, 2 सितंबर को भी बनी हुई है. राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने, बारिश और गरज-चमक की संभावना है. मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार कई जिलों में अगले कुछ घंटों के दौरान वज्रपात के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चल रही है.
राजधानी रांची में सुबह से बादल छाए हुए हैं और दिनभर रुक-रुक कर बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. तापमान अपेक्षाकृत सामान्य रहने का अनुमान है। रांची और आसपास के इलाकों के लिए मौसम विभाग ने सतर्क रहने की सलाह दी है.
जमशेदपुरमें भी मौसम नम और बादलों भरा बना हुआ है. दिनभर बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है। सुबह के समय शहर में तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान 30 डिग्री के आसपास रह सकता है.
धनबाद में भी बारिश का असर देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार आज आसमान सामान्यतः बादलों से ढका रहेगा और हल्की बारिश या गरज-चमक हो सकती है.
मौसम विभाग की चेतावनी में बोकारो, देवघर, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, गढ़वा, गिरिडीह, हजारीबाग, जामताड़ा, खूंटी, कोडरमा, लातेहार, पलामू, रामगढ़, रांची, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम समेत कई जिलों का उल्लेख है। इन इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
राज्य में हाल के दिनों में सक्रिय निम्न दबाव प्रणाली के कारण बारिश की गतिविधियां तेज रही हैं। सितंबर के शुरुआती दिनों में भी इसका असर बना रहने की संभावना जताई गई है.
सावधानी: गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा अनावश्यक यात्रा से बचें.
