Jharkhand

Weather Alert:15 अगस्त पर पूरे झारखंड में बारिश का अलर्ट, जमशेदपुर में बाढ़ जैसे हालात, पढ़िए ताजा अपडेट  

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

टीएनपी डेस्क(TNP DESK):झारखंड में मानसून इन दिनों पूरी तरह से रफ्तार पकड़ चुका है. आलम यह है कि लगातार पिछले दो दिनों से हो रही बारिश की वजह से जमशेदपुर के कुछ निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है, जहां निचले इलाको में पानी भर चुका है. खरकई और स्वर्णरेखा नदी लबालब पानी से भरी हुई हैं. राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों की बात की जाए तो पिछले चार-पांच दिनों से हो रही लगातार बारिश से मौसम पूरी तरह से ठंडा हो चुका है, जहां तापमान में गिरावट देखने को मिली है. वहीं 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस की बात की जाए तो आज भी झारखंड के सभी 24 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है.

 पुरे झारखंड में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग का कहना है कि आज झारखंड की राजधानी रांची को छोड़कर आसपास के इलाके और अन्य जिलों में बारिश का असर ज्यादा देखा जाएगा, जहां दिनभर अलग-अलग जिलों में कहीं हल्की, कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश देखने को मिल सकती है. इस दौरान तेज हवा और वज्रपात की संभावना है, जिसको देखते हुए खास तौर पर लोगों को सावधान किया गया है. मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आने वाले 20 अगस्त तक झारखंड के मौसम का हाल ऐसा ही रहेगा.

सुहाना रहेगा इन जिलों में आज का मौसम

आज झारखंड का अधिकतम तापमान 28 से 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 22 से 25 डिग्री रह सकता है. आज रांची में करीब 29 डिग्री के आसपास दिन का तापमान रहने का संकेत है. आज रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और सिंहभूम के इलाकों में बादल, ठंडी हवा और बारिश के दौर के कारण मौसम सुहावना रह सकता है. हालांकि जहां तेज बारिश या वज्रपात की संभावना हो, वहां खुले स्थानों पर रुकने से बचना जरूरी है.

पढ़े अपने जिले का हाल

रांची का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.धनबाद में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस, जबकि देवघर में अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.वहीं, मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.