Jharkhand

Weather Alert: लगातार हो रही बारिश ने बढ़ाई मुसीबत, झारखंड की नदियां लबालब, कई जिलों में अलर्ट

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

टीएनपी डेस्क(TNP DESK):झारखंड में मानसून पूरी तरीके से व्यापक रूप धारण कर चुका है, जहां पिछले चार-पांच दिनों से लगातार राजधानी रांची समेत राज्य के अलग-अलग जिलों में कहीं हल्की, मध्यम तो कहीं भारी बारिश दिन भर रुक-रुक कर हो रही है. कुछ जिले ऐसे हैं, जहां पिछले दो-तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है और रुकने का नाम नहीं ले रही है. जमशेदपुर की स्वर्णरेखा और खरकई नदी लगातार हो रही बारिश की वजह से लबालब भर चुकी है. अब जमशेदपुर के निचले इलाके में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है. वहीं, आज यानी बुधवार के मौसम की बात करें तो आज भी झारखंड के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है. इस दौरान तेज हवा और वज्रपात की संभावना है, जिसमें लोगों को सावधान रहना है.

 कई जिलों में अलर्ट

 आज झारखंड के गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला में भारी बारिश की चेतावनी के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, चतरा, हजारीबाग और रामगढ़ में 18 अगस्त को भारी बारिश और वज्रपात का रेड अलर्ट था. जबकि रांची, खूंटी, बोकारो, धनबाद, कोडरमा और गिरिडीह समेत कई जिलों में भी आज गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है.

बारिश और बादलों के कारण रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जैसे ऊंचाई और हरियाली वाले इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहने की संभावना है. हालांकि, सुहावने मौसम के बीच अचानक तेज बारिश और वज्रपात की स्थिति बन सकती है, इसलिए मौसम का आनंद लेने वालों को सावधानी बरतनी होगी.

वज्रपात से रहें सावधान

आपको बता दें कि झारखंड में लगातार होने वाली बारिश के बीच खतरा बना हुआ है, जिसको देखते हुए मौसम विभाग की ओर से रोजाना अलर्ट जारी किया जा रहा है और लोगों को सावधान रहने की हिदायत दी जा रही है. खासकर वैसे किसान, जो रोजाना खेत में काम करने के लिए जाते हैं, उन्हें ज्यादा सतर्क रहना है. जैसे ही आपको आंधी-तूफान या बिजली गिरने के कुछ लक्षण दिखाई दें तो तुरंत सुरक्षित अपने घर पर पहुंचें. कहीं भी खुले मैदान, खेत या पेड़ के नीचे न रुकें. आप लोगों से भी ऐसी जगहों पर छिपने की सलाह नहीं दी गई है. इन जगहों पर वज्रपात का सबसे अधिक खतरा रहता है. ऐसे में अनहोनी होने की संभावना है, इसलिए सावधान रहें.

पढ़े अपने जिले का तापमान 

रांची का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.धनबाद में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 30 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस, जबकि देवघर में अधिकतम 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.वहीं, मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.