टीएनपी डेस्क (TNP DESK):झारखंड में मानसून की एंट्री हो चुकी है, लेकिन इसका ज्यादा असर राज्य के कई जिलों में देखने को नहीं मिल रहा है. पिछले दो दिनों से लगातार भीषण गर्मी से लोग परेशान है. वहीं तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है.मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो दिनों के अंदर झारखंड के कुछ जिलों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. मंगलवार को झारखंड के अधिकांश जिलों में भीषण गर्मी से लोग परेशान दिखे. दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में लोगों की आवाजाही कम देखने को मिली.एक ओर भीषण गर्मी और दूसरी ओर बिजली कटौती ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है. ऐसे में चलिए जानते है कि आज यानी बुधवार को मौसम का हाल कैसा रहेगा.
कई जिलों में गर्मी का कहर जारी
आपको बता दें कि पिछले 10 दिनों से पलामू, लातेहार, चतरा और कोल्हान के जिलों में भीषण गर्मी से लोग परेशान है. मौसम विभाग की ओर से जो जानकारी सामने आई है, वह ज्यादा राहत देने वाली नहीं है.विभाग का कहना है कि कोल्हान के जिलों में अगले दो दिनों के अंदर बारिश की संभावना बहुत कम है.वहीं पलामू, गुमला और चतरा में भी गर्मी से लोगों का हाल बेहाल हो सकता है.आपको बता दें कि झारखंड में मानसून तीन-चार दिन पहले प्रवेश कर चुका है, लेकिन इसके बावजूद लोग राहत की बारिश का इंतजार कर रहे है और भीषण गर्मी अब भी लोगों को सता रही है.
बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट
हालांकि राजधानी रांची में मानसून के प्रवेश के साथ ही राहत वाली बारिश हो रही है, जहां अब तक सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है.मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार को भी राजधानी रांची समेत कई जिलों में राहत की बारिश हो सकती है. इसके साथ ही बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.जिन जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है, उनमें खूंटी, सिमडेगा, बोकारो, धनबाद, देवघर, जमशेदपुर, गिरिडीह, सरायकेला, दुमका, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम शामिल है.
किसानों को विशेष अलर्ट
किसानों को लेकर भी विशेष अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने कहा है कि बारिश और वज्रपात के दौरान किसान खेतों में जाने से बचें. तेज हवाओं, वज्रपात और आंधी-तूफान की गंभीर आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.जिन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है, उनमें रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका, पाकुड़, साहिबगंज और गोड्डा शामिल है.
पढ़ें अपने जिले का तापमान
रांची का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. धनबाद में अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 39 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री, जबकि देवघर में अधिकतम 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. वहीं मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.
