टीएनपी डेस्क(TNP DESK):झारखंड के लोगों को भीषण गर्मी से जल्द राहत मिलने वाली है.मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार झारखंड में मानसून 17 जून तक प्रवेश कर सकता है.बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आने मौसम के सक्रिय होने की वजह से 11 जून यानी गुरुवार से मौसम का मिजाज बदलने लगेगा. इसके साथ ही राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाएं, गरज के साथ बारिश की संभावना है.मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से 12 जून से अगले तीन दिनों तक झारखंड के विभिन्न जिलों में आंधी, वज्रपात और अच्छी बारिश हो सकती है.
11 जून से बदलेगा मौसम का मिजाज
वही मौसम विभाग ने 11 जून को राजधनी रांची, धनबाद, बोकारो, कोडरमा, हजारीबाग और रामगढ़ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है. साथ ही वज्रपात और मध्यम से भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है. वहीं राज्य के 17 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
इन जिलो में दिखेगा मौसम का अच्छा खासा असर
वही रांची, खूंटी, गुमला, चतरा, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, गिरिडीह समेत कई जिलों में मौसम का अच्छा खासा असर देखने को मिल सकता है.वही कुछ इलाकों में भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है, जिससे जलभराव और स्थानीय समस्याएं भी हो सकती है.हालांकि मानसून के आगमन से पहले राज्य के कई जिलों में गर्मी का असर बरकरार है.मेदिनीनगर में अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि जमशेदपुर में पारा 41.3 डिग्री और चाईबासा में 40.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. रांची में भी तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है. कई क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई है, लेकिन बढ़ी हुई नमी के कारण उमस लोगों की परेशानी बढ़ा रही है.
ख़राब मौसम में घर से ना निकले
वही मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है. खासकर वज्रपात के समय खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है. किसानों को भी खेतों में काम करने से पहले मौसम की जानकारी लेते रहने को कहा गया है.
पढ़े अपने जिले का तापमान
रांची का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. धनबाद में अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 41 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री, जबकि देवघर में अधिकतम 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. वहीं मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.
