Jharkhand

किसानों के लिए खुशखबरी! 1 जुलाई से रफ्तार पकड़ेगा मानसून, आज इन जिलों में झमाझम बारिश

Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer
किसानों के लिए खुशखबरी! 1 जुलाई से रफ्तार पकड़ेगा मानसून, आज इन जिलों में झमाझम बारिश

टीएनपी डेस्क (TNP DESK):झारखंड में मानसून धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रहा है.मौसम विभाग की ओर से जो जानकारी सामने आई है वो झारखंडवासियों, खासकर किसानों के लिए राहत देने वाली है. मौसम विभाग का कहना है कि आज से राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश का दौर शुरू होगा, जबकि 1 जुलाई से मानसून के और अधिक सक्रिय होने की उम्मीद है. हालांकि, झारखंड में मानसून की एंट्री हुए कई दिन बीत जाने के बावजूद अब तक वैसी बारिश नहीं हो पाई है, जैसी लोगों को उम्मीद थी.राज्य में अब तक सामान्य से 62% कम बारिश दर्ज की गई है. 1 जून से 28 जून तक झारखंड में सामान्य रूप से करीब 170.3 मिमी वर्षा होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक केवल 65.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है.

गरज के साथ बारिश, तेज हवा और वज्रपात की संभावना

मानसून झारखंड में 15 दिन से अधिक समय पहले ही प्रवेश कर चुका है, लेकिन इसके बावजूद राज्य के कुछ जिलों में भीषण गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है.एक ओर डाल्टनगंज का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है, वहीं जमशेदपुर, गढ़वा और पलामू के लोग भी गर्मी की मार झेल रहे है.हालांकि, इन जिलों को छोड़कर अन्य जिलों की बात करें तो आज यानी सोमवार को कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश, तेज हवा और वज्रपात की संभावना जताई गई है. इसे देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

आज इन जिलो में होगी झमाझम बारिश

आज यानी सोमवार को विशेष रूप से संथाल परगना के देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज और गोड्डा के अलावा बोकारो, धनबाद, रांची तथा कोल्हान के पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम समेत कई इलाकों में अच्छी बारिश की संभावना है.इन क्षेत्रों में 60 से 100 मिमी तक वर्षा होने का अनुमान है. बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, क्योंकि तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है.

पढ़े अपने जिले का तापमान 

रांची का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. धनबाद में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 36 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री, जबकि देवघर में अधिकतम 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. वहीं मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.