Jharkhand

Weather Alert:अगले 24 घंटे में करवट लेकर झारखंड का मौसम, तेज धूप और गर्मी के बाद 4 दिनों तक होगी झमाझम बारिश

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

टीएनपी डेस्क (TNP DESK):झारखंड में पिछले 3 दिनों से बारिश की जगह कड़क धूप निकल रही है. जहां धूप नहीं भी निकल रही है, वहां उमस भरी गर्मी से लोगों का हाल बेहाल हो रहा है.हालांकि कुछ जिलों में दिनभर बादल दिखाई दे रहे हैं, लेकिन इससे राहत मिलने के बजाय उमस और बढ़ रही है. कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी भी हो रही है, लेकिन अधिकतर इलाकों का हाल यही है. वहीं मौसम विभाग की ओर से पूर्वानुमान जारी किया गया है कि 4 अगस्त से 7 अगस्त तक झारखंड में भारी बारिश की संभावना है. हालांकि आज यानी सोमवार को भी झारखंड में मौसम का कोई खास असर देखने को नहीं मिलेगा, लेकिन गर्मी और उमस से लोग परेशान हो सकते हैं.

 तेज धूप और गर्मी के बाद 4 दिनों तक होगी झमाझम बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक 4 से 6 अगस्त के बीच राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश होगी, जहां कुछ जिलों में भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है.इस दौरान 65 से 115 मिमी तक बारिश होने की संभावना है. वहीं इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना जताई गई है.मौसम की खराब स्थिति की संभावना को देखते हुए लोगों को खास तौर पर सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

बारिश और हवा के समय भूलकर भी घर से बाहर न निकलें

मौसम विभाग का कहना है कि तेज बारिश और हवा के समय भूलकर भी घर से बाहर न निकलें और खासकर खेतों व खुले मैदानों में न जाएं.वहीं बारिश के समय पेड़ के नीचे रुकने की गलती बिल्कुल न करें, क्योंकि यह ऐसी खतरनाक जगह है जहां वज्रपात की संभावना सबसे अधिक होती है.कुल मिलाकर कहा जाए तो आने वाले 24 घंटे के अंदर झारखंड के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता हैं.

पढ़े अपने जिले का तापमान 

रांची का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.धनबाद में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस, जबकि देवघर में अधिकतम 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.वहीं, मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.