☰
Jharkhand

Weather Alert: आज से झारखंड में कपकपाएगी सर्दी, कई जिलों में 11 डिग्री तक गिर सकता है पारा

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड में नवंबर के अंतिम सप्ताह के साथ ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है. गुरुवार, 26 नवंबर को राज्य के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने और आसमान साफ रहने का अनुमान है. सुबह के समय कई इलाकों में हल्का कोहरा या धुंध देखने को मिल सकती है. दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिलेगी. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, फिलहाल राज्य में बारिश की कोई विशेष चेतावनी नहीं है. हालांकि, सुबह और देर रात बढ़ती ठंड को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.

मौसम के अनुमान के मुताबिक, 26 नवंबर को रांची का अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री, धनबाद में 26 डिग्री और 13 डिग्री, बोकारो में 25 डिग्री और 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. वहीं, डालटनगंज में अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री, हजारीबाग में 22.5 डिग्री और 12 डिग्री, देवघर में 25 डिग्री और 12 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

राज्य के पलामू और डालटनगंज जैसे इलाकों में न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. ऐसे में सुबह और रात के समय ठंड का एहसास अधिक होगा. रांची, जमशेदपुर, चाईबासा सहित कई जिलों में सुबह धुंध या हल्का कोहरा छाने की संभावना है. दिन में आसमान मुख्यतः साफ रहने और धूप निकलने से तापमान में कुछ बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन सूर्यास्त के बाद पारा गिरने से ठंड फिर बढ़ेगी.

मौसम के इस बदलाव को देखते हुए सुबह जल्दी घर से निकलने वाले लोगों को गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी गई है. कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय गति नियंत्रित रखने और दृश्यता कम होने पर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. फिलहाल झारखंड में मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन सुबह और देर रात बढ़ती ठंड को देखते हुए लोगों को मौसम के ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखनी चाहिए.