टीएनपी डेस्क (TNP DESK):झारखंड में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है.खासकर कोल्हान और संथाल परगना के जिलों में तेज धूप और उमस से लोग परेशान है.दिन में गर्म हवाएं चल रही है, तो रात में भी लोगों को राहत नहीं मिल रही है.हालांकि अब मौसम विभाग की ओर से राहत भरी खबर सामने आई है.विभाग का कहना है कि गुरुवार से राज्य के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल सकता है. बारिश और तेज हवाओं की वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
इन जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार आज गुरुवार को बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और सक्रिय मौसमी सिस्टम के कारण झारखंड के अधिकांश इलाकों में बादल छाए रहेंगे. राजधानी रांची समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में बारिश होने के आसार है. कुछ जगहों पर तेज बौछारें भी पड़ सकती है.इसके साथ ही 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. मौसम विभाग ने लोगों को बारिश और आंधी के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है.
कई जिलों में वज्रपात को लेकर भी चेतावनी
वहीं उत्तर-पूर्वी और मध्य झारखंड के कई जिलों में वज्रपात को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है.जहां देवघर, दुमका, जामताड़ा, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, गिरिडीह और हजारीबाग में बिजली गिरने की आशंका जताई गई है.मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, बड़े पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें.बारिश के समय सुरक्षित स्थान पर शरण लें और मोबाइल फोन का सीमित इस्तेमाल करें.
इन जिलों में आज भी गर्मी पड़ेगी
हालांकि राज्य के सभी जिलों को राहत नहीं मिलेगी. पलामू, गढ़वा और चतरा में गर्मी का असर अभी भी बना रह सकता है.इन जिलों में अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है. यहां बारिश की संभावना कम है, लेकिन फिलहाल हीटवेव को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है.
पढ़े अपने जिले का तापमान
रांची का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. धनबाद में अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 38 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री, जबकि देवघर में अधिकतम 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. वहीं मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.
