टीएनपी डेस्क (TNP DESK):झारखंड में आज मौसम का मिजाज मिला-जुला रहने वाला है. एक तरफ जहां कई जिलों में लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है, तो दूसरी ओर कुछ इलाकों में बारिश राहत देने का काम करेगी. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ वज्रपात और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है.
इन जिलों में आज बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार आज रांची, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, गुमला और लोहरदगा में बारिश की संभावना ज्यादा है.जहां दोपहर या शाम के समय गरज के साथ बारिश हो सकती है. वहीं गढ़वा, पलामू और चतरा में भी हल्की बारिश देखने को मिल सकती है.
इन जिलो में वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी
वही इसके साथ रांची, गुमला, सिमडेगा, बोकारो, धनबाद, रामगढ़, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम समेत कई जिलों में तेज हवा और वज्रपात की आशंका जताई गई है. कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 40 से 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.हालांकि बारिश की संभावना के बावजूद राज्य के कई हिस्सों में गर्मी का असर कम नहीं होगा. खासकर पलामू प्रमंडल के मेदिनीनगर, गढ़वा और चतरा में तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंचने का अनुमान है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है. वहीं जिन जिलों में बादल छाए रहेंगे और बारिश होगी, वहां तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है.
पढ़े अपने जिले का तापमान
रांची का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. धनबाद में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 39 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री, जबकि देवघर में अधिकतम 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. वहीं मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.
