टीएनपी डेस्क (TNP DESK):झारखंड में मानसून अब धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रहा है.एक तरफ जहां राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों में रोजाना बारिश देखने को मिल रही है, वहीं आईएमडी की ओर से इसे लेकर बड़ा अपडेट जारी किया गया है. मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 20 जुलाई तक झारखंड में बारिश का दौर जारी रहेगा. कहीं मध्यम तो कहीं झमाझम बारिश की स्थिति बनी रहेगी. इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना है. वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है.
आज इन जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट
आज यानी शुक्रवार के मौसम की बात करें तो पूरे झारखंड में कहीं मध्यम, कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश की संभावना है.वहीं, खास तौर पर आज पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां और निकटवर्ती मध्य क्षेत्र के खूंटी व गुमला जिले में भारी बारिश का असर देखने को मिल सकता है. इस दौरान बारिश के साथ तेज हवाएं चलेंगी. वहीं, वज्रपात से भी लोगों को सावधान रहने की जरूरत है.झारखंड में बारिश का दौर आने वाले अगले तीन-चार दिनों तक थमने वाला नहीं है.लगातार बारिश होने की वजह से झारखंड का तापमान में भी अच्छी खासी गिरावट दर्ज की जा सकती है.
शनिवार को कैसा रहेगा मौसम का हाल ?
मौसम विभाग की ओर से पूर्वानुमान जताया गया है कि शनिवार के दिन भी झारखंड के कुछ जिलों में भारी बारिश का असर देखा जा सकता है.इनमें रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद जिला शामिल है. हालांकि, झारखंड के दो जिले ऐसे है जहां अब भी बहुत कम बारिश हुई है. यहां लोग बारिश का इंतजार कर रहे है. इनमें गढ़वा और चतरा जिला शामिल है.
पढ़े अपने जिले का तापमान
रांची का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.धनबाद में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 32डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस, जबकि देवघर में अधिकतम 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.वहीं, मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.
