Jharkhand

Weather Alert:आज झारखंड के 14 जिलों में होगी भारी बारिश,आंधी-तूफान और वज्रपात का अलर्ट जारी 

Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer
Weather Alert:आज झारखंड के 14 जिलों में होगी भारी बारिश,आंधी-तूफान और वज्रपात का अलर्ट जारी 

टीएनपी डेस्क (TNP DESK):झारखंड में मानसून सक्रिय होने के बावजूद कुछ जिलों में उमस भरी गर्मी से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है.वहीं, मौसम विभाग की ओर से आज मानसून को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया गया है. विभाग के अनुसार, आज यानी सोमवार को राज्य के अधिकांश जिलों में गरज के साथ बारिश होगी.इसके साथ ही वज्रपात की भी संभावना जताई गई है. वहीं, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का भी अनुमान है, जिससे उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिल सकती है.

इन 14 जिलों में होगी भारी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, आज झारखंड के 14 जिलों में भारी बारिश की संभावना है.इसे देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है और लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है. जिन जिलों में आज खास तौर पर बारिश, वज्रपात और तेज हवा का असर देखने को मिलेगा, उनमें रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, गिरिडीह, देवघर और दुमका शामिल है.

 आंधी-तूफान और वज्रपात का अलर्ट जारी 

वहीं, आज कुछ जिलों में आंधी-तूफान और वज्रपात का व्यापक असर देखने को मिल सकता है. इनमें रांची, बोकारो, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर), पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा और आसपास के इलाके शामिल है. यहां लोगों को बारिश और तेज हवा के दौरान खेत या खुले मैदान में नहीं जाने की सलाह दी गई है.साथ ही पेड़ के नीचे खड़े होने की भूल बिल्कुल भी नहीं करनी चाहिए.

4 जिलों में उमस वाली गर्मी खूब सताएगी

हालांकि, मानसून और बारिश के बावजूद गढ़वा, चतरा, पलामू और लातेहार ऐसे जिले हैं, जहां उमस भरी गर्मी लोगों को सताएगी.इन जिलों में आज अधिकतम तापमान 31 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किए जाने का अनुमान है.आपको बता दें कि मानसून की एंट्री हुए करीब एक महीना हो चुका है. इसके बावजूद झारखंड के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश हुई है, लेकिन चार जिले ऐसे हैं जहां बारिश ना के बराबर हुई है.इन जिलों में उमस भरी गर्मी अभी भी लोगों को परेशान कर रही है, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.

पढ़े अपने जिले का तापमान 

रांची का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.धनबाद में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 34 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस, जबकि देवघर में अधिकतम 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.वहीं, मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.