टीएनपी डेस्क (TNP DESK):झारखंड में इन दिनों मानसून पूरी तरह से सक्रिय नजर आ रहा है. रोजाना राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों में कहीं रुक-रुक कर मध्यम तो कहीं तेज बारिश देखने को मिल रही है. जिन जिलों में बारिश नहीं भी हो रही है, वहां का मौसम सुहाना बना हुआ है. दिनभर बादल छाए रहते हैं और हवा चलने की वजह से लोगों को गर्मी से राहत महसूस हो रही है. हालांकि, कुछ जिले ऐसे भी हैं जहां उमस भरी गर्मी से लोगों का हाल बेहाल रहता है. वहीं आज यानी रविवार के मौसम की बात करें तो झारखंड के लगभग 18 से 20 जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है. आंधी-तूफान और वज्रपात को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है.
झारखंड के 20 जिलों में आज भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट
झारखंड के जिन जिलों में खासतौर पर लोगों को सावधान रहने की जरूरत है, उनमें राजधानी रांची समेत खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, हजारीबाग, रामगढ़, देवघर, दुमका, पाकुड़, साहिबगंज, जामताड़ा और गोड्डा शामिल है. मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाली 31 जुलाई तक झारखंड के मौसम का हाल ऐसा ही रहने की संभावना है. यानी लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी और रोजाना झमाझम बारिश होती रहेगी.
आंधी तूफ़ान और वज्रपात से रहे सावधान
हालांकि, सुहाने मौसम के बीच लोगों को खास तौर पर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. बारिश के समय खुले मैदान, खेत और पेड़ के नीचे शरण लेने से सख्त मना किया गया है, क्योंकि इन जगहों पर वज्रपात होने की संभावना अधिक रहती है. मौसम विभाग का कहना है कि आज जिन 18 से 20 जिलों में बारिश की संभावना है, उन्हें देखते हुए लोगों को अलर्ट रहने की सलाह दी गई है.
पढ़े अपने जिले का तापमान
रांची का अधिकतम तापमान 31डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.धनबाद में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 35 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस, जबकि देवघर में अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.वहीं, मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.
