रांची (RANCHI): झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. नवंबर में बढ़ती ठंड के बीच राज्य के कई जिलों में बारिश का दौर शुरू होने जा रहा है. बंगाल की खाड़ी में विकसित चक्रवाती मौसम प्रणाली का असर झारखंड में भी देखने को मिल सकता है. मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, 20 नवंबर को राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है.
मौसम विभाग के अनुसार, बारिश का असर मुख्य रूप से रांची, खूंटी, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में देखने को मिल सकता है. इन जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं, 21 नवंबर को मौसम का असर संताल परगना की ओर शिफ्ट होने का अनुमान है. इस दौरान गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में बारिश हो सकती है.
तापमान की बात करें तो बारिश और बादलों की वजह से दिन के अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 20 नवंबर को रांची का अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम 27 और न्यूनतम 19 डिग्री, धनबाद में अधिकतम करीब 22 और न्यूनतम 20 डिग्री, बोकारो में 25 और 17 डिग्री, देवघर में 27 और 18 डिग्री तथा चाईबासा में 26 और 18 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने का अनुमान है.
मौसम में अचानक बदलाव और बारिश को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. खासकर वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए. किसानों और दोपहिया वाहन चालकों को भी मौसम की स्थिति को ध्यान में रखकर सावधानी बरतने की जरूरत है. 22 नवंबर से राज्य में मौसम की स्थिति में सुधार होने की संभावना है.
