रांची:झारखंड हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए शुक्रवार को मतदान शुरू हो गया. हाईकोर्ट परिसर में अधिवक्ता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर नई कमिटी के प्रतिनिधियों का चुनाव कर रहे हैं. इस बार एसोसिएशन के कुल 16 पदों के लिए चुनाव हो रहा है, जिसे लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है.
चुनाव में वर्तमान एडहॉक कमिटी के पदाधिकारियों के सामने भी अपनी स्थिति बनाए रखने की चुनौती है. फिलहाल ऋतू कुमार हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन की एडहॉक कमिटी की अध्यक्ष हैं, जबकि नवीन कुमार महासचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. दोनों पदाधिकारियों के लिए दोबारा अपनी कुर्सी हासिल करना आसान नहीं माना जा रहा है, क्योंकि इस बार कई दिग्गज अधिवक्ता चुनाव मैदान में हैं.
इस चुनाव में कुल 96 उम्मीदवार अलग-अलग पदों के लिए अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. अध्यक्ष पद का मुकाबला खास तौर पर रोचक माना जा रहा है. इस पद के लिए वरीय अधिवक्ता अजीत कुमार, ऋतू कुमार, महेश तिवारी, मनोज टंडन और आरएसपी सिन्हा चुनाव मैदान में हैं. सभी उम्मीदवारों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है.
वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए संजीव ठाकुर, राहुल गुप्ता, धीरज कुमार, प्राण प्रणय, नवीन कुमार सिंह और जयशंकर तिवारी उम्मीदवार हैं. महासचिव पद के लिए नवीन कुमार, विनोद सिंह, अमित सिन्हा और संतोष सोनी के बीच मुकाबला है.
बताया जा रहा है कि अधिवक्ता इस बार सिर्फ व्यक्तिगत समीकरणों के आधार पर मतदान नहीं कर रहे हैं, बल्कि एसोसिएशन से जुड़े अहम मुद्दों और पिछले कुछ वर्षों के कामकाज को भी ध्यान में रख रहे हैं. अधिवक्ताओं के हित, एसोसिएशन की कार्यप्रणाली और लंबित मांगों जैसे विषय चुनाव में प्रमुख मुद्दे बने हुए हैं.
मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद शनिवार को मतगणना कराई जाएगी. इसके बाद नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के नाम सामने आएंगे. चुनाव परिणाम पर सभी उम्मीदवारों के साथ-साथ हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं की भी नजर बनी हुई है.
नई कमिटी के सामने अधिवक्ताओं से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाने और एसोसिएशन की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी होगी. चुनाव को लेकर हाईकोर्ट परिसर में दिनभर गहमागहमी का माहौल बना हुआ है.
