Jharkhand

रांची में ट्रैफिक नियम तोड़ना पड़ा महंगा, एक महीने में कटे 1.20 लाख से ज्यादा के चालान

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

RANCHI: राजधानी रांची में जुलाई महीने के दौरान बड़ी संख्या में वाहन चालकों ने यातायात नियमों की अनदेखी की, जिसके चलते ट्रैफिक पुलिस को बड़े पैमाने पर कार्रवाई करनी पड़ी. पूरे जुलाई महीने में विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ 1,20,197 चालान काटे गए. यह आंकड़ा साफ बताता है कि लगातार जागरूकता अभियान और सख्ती के बावजूद शहर में कई लोग अब भी ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं.

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, केवल 31 जुलाई को ही 3,847 चालान जारी किए गए. इस दौरान सबसे ज्यादा मामले बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने और नो पार्किंग में वाहन खड़े करने के सामने आए. पुलिस ने बताया कि 31 जुलाई को 2,158 लोगों पर बिना हेलमेट वाहन चलाने के कारण कार्रवाई की गई, जबकि 1,430 वाहन चालकों का चालान नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने के आरोप में काटा गया.

इसके अलावा ट्रैफिक सिग्नल तोड़ने वालों पर भी कार्रवाई की गई. रेड लाइट जंप करने के 108 मामले दर्ज किए गए. वहीं, 14 लोग बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाते हुए पकड़े गए. चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करने वाले 10 वाहन चालकों पर भी जुर्माना लगाया गया. इन मामलों के अलावा अन्य कई यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की गई.

यातायात पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद कई लोग नियमों की अनदेखी कर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं. पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि सड़क पर निकलने से पहले सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का इस्तेमाल करें और ट्रैफिक सिग्नल तथा पार्किंग नियमों का पालन करें.

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति किसी दूसरे वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर अपने वाहन पर लगाकर उसका इस्तेमाल करता हुआ पकड़ा जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. ऐसे मामलों में वाहन को जब्त करने के साथ-साथ संबंधित चालक के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की जाएगी.

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे मोटर वाहन अधिनियम के नियमों का पालन करें और जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें. अधिकारियों का कहना है कि नियमों का पालन करने से न केवल दुर्घटनाओं में कमी आएगी, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था भी अधिक सुरक्षित और सुचारु बनेगी. आने वाले दिनों में भी नियम तोड़ने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.