रांची(RANCHI): हटिया स्थित बड़कागढ़ स्टेट में हर साल की तरह इस बार भी ऐतिहासिक दुर्गा पूजा और विजयादशमी महोत्सव का आयोजन किया गया. इस मौके पर राज परिवार के सदस्यों के साथ ग्रामीण और बाकी लोग शामिल हुए. सभी ने मां भगवती चिंतामणि की पूजा-अर्चना की. इसके बाद लोगों ने साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया और एक-दूसरे को दशहरा की शुभकामनाएं दीं.
1691 में हुई थी बड़कागढ़ स्टेट की स्थापना
बड़कागढ़ स्टेट की स्थापना 1691 में ठाकुर ऐनी नाथ शाहदेव ने की थी. साल 1857 में अमर शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इस रियासत के राजा बने. इसी दौरान उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ स्वतंत्रता संग्राम में अहम भूमिका निभाई. अंग्रेजों ने 16 अप्रैल 1858 को रांची के जिला स्कूल परिसर में उन्हें फांसी दे दी थी. इसके बाद उनकी पत्नी अपने एक वर्षीय बेटे कपिलनाथ शाहदेव के साथ अज्ञातवास में चली गईं. करीब 12 साल बाद लौटने पर अंग्रेजी शासन ने जगन्नाथपुर के पास उनके रहने के लिए मिट्टी का मकान बनवाया था.
पूजा में मुस्लिम परिवार भी करते थे सहयोग
बड़कागढ़ स्टेट की दुर्गा पूजा से जुड़ी एक खास परंपरा रही है. पूजा के दौरान पूरे गांव के लोग एक साथ जुटकर मां चिंतामणि की आराधना करते थे. मुस्लिम परिवार भी इस आयोजन में सहयोग करते थे. वे मां की डोली ले जाने वाले रास्ते की सफाई और सजावट का ध्यान रखते थे. डोली को सजाने के लिए परिवार की बहू की पुरानी साड़ी का इस्तेमाल किया जाता था. बताया जाता है कि यह परंपरा 1880 से चली आ रही है.
राजपुरोहित ने बांधा अपराजिता, दिया आशीर्वाद
इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए बड़कागढ़ रियासत के उत्तराधिकारी राजेशनाथ शाहदेव ने अपने हटिया स्थित आवास पर विजयादशमी महोत्सव का आयोजन किया. राजपुरोहित सदन गोपाल शर्मा ने राज परिवार के सदस्यों को अपराजिता बांधकर सुख-समृद्धि और विजय का आशीर्वाद दिया. परंपरा के अनुसार शाम को परिवार की बहुओं और बेटियों के घर जाकर भी अपराजिता बांधी गई. इस दौरान सभी की सुख-समृद्धि और सौभाग्य की कामना की गई.
कई लोग हुए शामिल
महोत्सव में लाल सचिंद्र देव, मीरा देवी, राखी शाहदेव, रेखा देव, बिपिन कुमार, लाल धर्मेंद्र देव, लाल सुरेंद्र देव, शैलेंद्र शाहदेव, शान प्रताप, मयंक प्रताप, हरेन्द्र भंजदेव, लता भांजदेव, प्रदीप जायसवाल और भीखम उरांव समेत कई लोग शामिल हुए.