☰
Jharkhand

रांची के इन इलाकों में रहेगी वाहनों की नो- एंट्री, घर से निकलने से पहले जान ले रूट

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

रांची(RANCHI): दशहरे के मौके पर रावण दहन कार्यक्रमों को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारी पूरी कर ली है. मंगलवार को मोरहाबादी मैदान में पंजाबी हिंदू बिरादरी की ओर से रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. हर साल की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है. ऐसे में भीड़ को नियंत्रित करने और सड़कों पर जाम की स्थिति से बचने के लिए मोरहाबादी के आसपास कई जगहों पर ड्रॉप गेट और बैरियर लगाए जाएंगे.

11 जगहों पर होगी निगरानी

ट्रैफिक प्लान के तहत मोरहाबादी इलाके में 11 स्थानों पर ड्रॉप गेट लगाने की व्यवस्था की गई है. इनमें SSP आवास से उपायुक्त आवास जाने वाला रास्ता, हॉकी स्टेडियम गेट, आर्मी मैदान और सब्जी बाजार के पास के इलाके शामिल हैं. इसके अलावा रजिस्ट्री कार्यालय के आसपास, बीबी बीएसआई प्रवेश द्वार से पश्चिम की ओर, मान्या पैलेस, मोरहाबादी स्थित राम मंदिर और राजकीय अतिथिशाला के पास भी यातायात व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी.

पार्किंग के लिए तय किए गए स्थान

कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए वाहनों की पार्किंग के भी इंतजाम किए गए हैं. मोरहाबादी के मंदिर मैदान के पास और रांची कॉलेज मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है. लोगों से अपील की गई है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें, ताकि सड़क पर अनावश्यक भीड़ और जाम की समस्या न हो.

दूसरे इलाकों में भी रावण दहन

रांची के मोरहाबादी मैदान के अलावा अरगोड़ा मैदान, शालीमार बाजार और तातिलवे के LIC मैदान में भी रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इन इलाकों में भी लोगों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है. इसे देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं.

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित पार्किंग का इस्तेमाल करने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है. प्रशासन का प्रयास है कि लोग दशहरे का उत्सव मनाने के साथ सुरक्षित तरीके से अपने घरों तक पहुंच सकें.