रांची (RANCHI): राजधानी रांची में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आगमन होगा. वह आठ अक्टूबर को रांची आएंगे और अपने प्रस्तावित कार्यक्रमों में शामिल होंगे. दरअसल केन्द्रीय मंत्री अपने आगमन के दौरान भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के भारतीय कृषि जैव प्रौद्योगिकी संस्थान यानी कि आईआईएचबी का दौरा करेंगे. इसके अलावा वह अपने दौरे के दौरान आईआईएचबी के नवनिर्मित प्रशासनिक भवन का भी उद्घाटन करेंगे.
इसके अलावा वह भाजपा के कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात कर उन्हें जरूरी पार्टी के संगठनात्मक काम को लेकर जरूरी दिशा निर्देश देंगे. बताते चलें कि यह पहली बार नहीं है जब केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान रांची आ रहे हैं. इससे पहले भी साल 2024 में झारखंड विधानसभा चुनाव के दौरान उन्हें पार्टी का चुनाव प्रभारी बनाया गया था, जिसके चलते उन्होंने कई बार रांची और झारखंड के अन्य जिलों का दौरा किया था.
वहीं इस दौरे में प्रशासनिक भवन के उद्घाटन के बाद केन्द्रीय मंत्री संस्थान के वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे. इस दौरान कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग, किसानों की आय बढ़ाने तथा कृषि अनुसंधान को अधिक उपयोगी बनाने से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी. बैठक में इस बात पर भी जोर दिए जाने की संभावना है कि वैज्ञानिक अनुसंधान को किसानों की वास्तविक जरूरतों से जोड़ा जाए और नई कृषि तकनीकों को खेतों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं. इसके साथ ही उत्पादकता बढ़ाने, नवाचार को प्रोत्साहित करने और किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों का लाभ दिलाने से जुड़े प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श किया जा सकता है.
