☰
Jharkhand

चाय की टपरी पर बैठे युवकों को ट्रेलर ने मारी टक्कर, 2 की मौत, 10 घायल

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

बोकारो (BOKARO): जिले से सड़क दुर्घटना वाली खबर सामने आई है जहां NH 32 पर नगेन मोड के समीप एक अनियंत्रित ट्रेलर अचानक दो दुकान में घुस गया. दुकान में मौजूद 4 लोग चाय पी रहे थे, इसी दौरान ट्रेलर दुकान में जा घुसी. ट्रेलर घुसने के कारण दो दुकानों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी. इस घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल है. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना जिले के पिंडरा जोरा थाना क्षेत्र के झारखंड-पश्चिम बंगाल बॉर्डर स्थित नगेन मोड की है.घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया.

बता दें, पिंडरा जोरा से पश्चिम बंगाल की ओर जा रहा एक ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित दुकान में घुस गया. इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत चार लोग घायल बताए जा रहे हैं. मृतकों की पहचान सरदाहा गांव निवासी गुई राम ओझा और शीदाम घटवाल के रूप में हुई है. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए. हादसे से नाराज स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ. घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए.

हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. दुकान के मलबे में दबे लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया. घायलों में से दो को पुलिस अपने वाहन से अस्पताल लेकर गई, जबकि अन्य घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया. थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है और दो लोग घायल हुए हैं. हालांकि, शुरुआती जानकारी में एक महिला समेत चार लोगों के घायल होने की बात सामने आई है. फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है. हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.