Jharkhand

19 मोस्ट वांटेड आतंकियों की लिस्ट में झारखंड के 2 नाम शामिल, स्वतंत्रता दिवस को लेकर हाई अलर्ट

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): स्वतंत्रता दिवस को लेकर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. 15 अगस्त से पहले दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं. किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए राजधानी के संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है. इसी बीच दिल्ली पुलिस ने 19 मोस्ट वांटेड आतंकियों की सूची सार्वजनिक की है. इस सूची में झारखंड से जुड़े दो नाम भी शामिल हैं. पुलिस की ओर से जारी पोस्टरों को दिल्ली के अलग-अलग सार्वजनिक स्थानों पर लगाया गया है. इनमें वांटेड आतंकियों के नाम और तस्वीरें दी गई हैं, ताकि आम लोग उन्हें पहचान सकें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस तक पहुंचा सकें.

झारखंड के दो नाम भी सूची में

19 मोस्ट वांटेड आतंकियों की सूची में झारखंड के चतरा और जमशेदपुर से जुड़े दो नाम सामने आए हैं. इनमें चतरा निवासी अबू सूफियान और जमशेदपुर के आजादनगर निवासी सैयद मोहम्मद अर्शियान शामिल हैं. दोनों के अल-कायदा से जुड़े होने की बात पुलिस की सूची में कही गई है. स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर इन नामों को सार्वजनिक करने के पीछे पुलिस का उद्देश्य आम लोगों को सतर्क करना और संदिग्ध गतिविधियों की पहचान में मदद लेना है.

अल-कायदा और इंडियन मुजाहिदीन से जुड़े नाम

सूची में अलग-अलग आतंकी संगठनों से जुड़े कई वांटेड लोगों के नाम शामिल हैं. मोहम्मद शर्जील अख्तर का नाम अल-कायदा और इंडियन मुजाहिदीन से संबंध रखने वाले संदिग्ध के तौर पर दिया गया है. वहीं रियाज भटकल और शबांदरी मोहम्मद इकबाल उर्फ इकबाल भटकल के नाम इंडियन मुजाहिदीन से जुड़े लोगों की सूची में हैं.

खालिस्तानी संगठनों से जुड़े कई नाम

दिल्ली पुलिस की सूची में खालिस्तानी आतंकी संगठनों से जुड़े बताए गए कई नाम भी हैं. इनमें हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंदा, अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डाला, वधावा सिंह बब्बर और गुरमीत सिंह बग्गा शामिल हैं. इनका संबंध बब्बर खालसा से बताया गया है. इसके अलावा रंजीत सिंह उर्फ नीता और परमजीत सिंह पम्मा के नाम खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स से जुड़े लोगों के तौर पर सूची में शामिल किए गए हैं.

पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि को लेकर विशेष सतर्कता बरत रही हैं. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अगर उन्हें सूची में शामिल किसी व्यक्ति या किसी संदिग्ध गतिविधि के बारे में जानकारी मिलती है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें. पुलिस की ओर से सूचना देने वालों के लिए इनाम की घोषणा भी की गई है. राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सार्वजनिक स्थानों, प्रमुख प्रतिष्ठानों और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है.