Jharkhand

मंत्री सुदिव्य कुमार के निधन पर झारखंड में दो दिवसीय राजकीय शोक, 7 सितंबर को सभी सरकारी कार्यालय बंद

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का रविवार सुबह गिरिडीह स्थित मर्सी अस्पताल में निधन हो गया. उनके आकस्मिक निधन से झारखंड की राजनीति और प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर है. मंत्री के निधन पर राज्य सरकार ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उनके सम्मान में दो दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया है. मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग की ओर से इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया गया है. आदेश के अनुसार 6 सितंबर  और 7 सितंबर 2026 को पूरे राज्य में राजकीय शोक मनाया जाएगा.

राजकीय शोक की अवधि के दौरान राज्य के सभी सरकारी भवनों और उन स्थानों पर जहां नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है, वहां तिरंगा आधा झुका रहेगा. सरकार की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि दिवंगत मंत्री के सम्मान में शोक अवधि के दौरान किसी भी तरह के राजकीय समारोह का आयोजन नहीं किया जाएगा. प्रशासनिक स्तर पर भी संबंधित विभागों और अधिकारियों को सरकार के निर्णय से अवगत करा दिया गया है. राज्य सरकार ने मंत्री के निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए उनके सार्वजनिक जीवन और सरकार में निभाई गई जिम्मेदारियों को भी याद किया है.

सरकार के आदेश के अनुसार 7 सितंबर 2026 यानी सोमवार को झारखंड सरकार के सभी कार्यालय पूरी तरह बंद रहेंगे. यह फैसला दिवंगत मंत्री को राजकीय सम्मान देने और शोक प्रकट करने के उद्देश्य से लिया गया है. आदेश की प्रतियां राज्य के सभी वरीय प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय को भी भेजी गई हैं. मंत्री सुदिव्य कुमार के आकस्मिक निधन के बाद झारखंड में राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ सरकारी स्तर पर भी शोक का माहौल है. उनके निधन से पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम लोगों में भी गहरा दुख है.