Jharkhand

4 अगस्त को दिशोम गुरु की पहली पुण्यतिथि, नेमरा सहित राज्यभर में होगी श्रद्धांजलि सभा

Rashmi Prasad  CE
Rashmi Prasad CE
Copy Editor

रांची (RANCHI) : झारखंड के जननायक दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि 4 अगस्त को पूरे राज्य में सम्मान के साथ मनाई जाएगी. इस अवसर को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और राज्य सरकार ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. इसको लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद तैयारियों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं. मुख्य कार्यक्रम मुख्यमंत्री के पैतृक गांव नेमरा के समीप लुकैयाटांड में आयोजित होगा, जो दादा सोबरन सोरेन के बलिदान स्थल के रूप में भी जाना जाता है. यहां मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दिशोम गुरु शिबू सोरेन की 14 फीट ऊंची आदमकद प्रतिमा का अनावरण करेंगे. इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं का ऑनलाइन उद्घाटन और शिलान्यास भी मुख्यमंत्री के हाथों किया जाएगा. कार्यक्रम में राज्य सरकार के मंत्री, विधायक, पूर्व मंत्री, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सोरेन परिवार के सदस्य और हजारों की संख्या में समर्थकों के शामिल होने की संभावना है. कार्यक्रम स्थल पर 10 हजार से अधिक लोगों के बैठने की क्षमता वाला भव्य वॉटरप्रूफ पंडाल तैयार किया जा रहा है, जबकि प्रतिमा स्थापना और अन्य निर्माण कार्यों को अंतिम रूप दिया जा रहा है.

झामुमो के महासचिव विनोद पांडेय ने बताया कि दिशोम गुरु की पहली पुण्यतिथि केवल नेमरा तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि झारखंड के सभी 24 जिलों में श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया जाएगा. प्रत्येक जिला समिति अपने-अपने क्षेत्र के प्रमुख चौक, पार्क और सार्वजनिक स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित करेगी, ताकि आम लोग भी आसानी से पहुंचकर दिशोम गुरु को श्रद्धासुमन अर्पित कर सकें. कई स्थानों पर उनकी आदमकद प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी. राजधानी रांची में झामुमो जिला समिति की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी चल रही है. अलबर्ट एक्का चौक पर श्रद्धांजलि सभा प्रस्तावित है. इसके अलावा जरूरतमंदों के बीच वस्त्र, फल और दवाओं का वितरण किया जाएगा तथा रक्तदान शिविर का भी आयोजन होगा. पार्टी का कहना है कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य दिशोम गुरु के सामाजिक सरोकारों और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाना है.

इधर, लुकैयाटांड और नेमरा में जिला प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है. प्रतिमा निर्माण, मंच, सड़क, सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा और पार्किंग सहित सभी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. रामगढ़ के उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को प्रतिदिन कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री की चचेरी बहन एवं जिला परिषद सदस्य रेखा सोरेन ने बताया कि मुख्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम लुकैयाटांड में होगा, जबकि पैतृक घर नेमरा में पारिवारिक और सामान्य श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी, जहां ग्रामीण और समर्थक नम आंखों से दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. राज्यभर में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों के जरिए झामुमो दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संघर्ष, विचारों और झारखंड आंदोलन में उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश भी देगा.