TNP डेस्क: झारखंड के मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का बुधवार को निधन हो गया. उनके निधन की खबर सामने आते ही सोरेन परिवार, झामुमो नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई. रूपी सोरेन झामुमो की केंद्रीय उपाध्यक्ष थीं और दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी थीं.
CM ने X पर किया ट्वीट
मां के निधन की खबर के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपने मन की पीड़ा व्यक्त की. उन्होंने लिखा कि पहले पिता का साया उठ गया और अब मां का आंचल भी छूट गया. उनके इस संदेश में माता-पिता को खोने का दर्द और परिवार पर आए गहरे दुख की झलक दिखाई दी. हेमंत सोरेन के लिए यह लगातार दूसरा बड़ा व्यक्तिगत आघात है.
इससे पहले उनके पिता और झामुमो के संस्थापक दिशोम गुरु शिबू सोरेन का जुलाई 2025 में निधन हुआ था. शिबू सोरेन झारखंड आंदोलन और राज्य की राजनीति के प्रमुख चेहरों में रहे. पिता के निधन के बाद हेमंत सोरेन ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए अपने जीवन और राजनीतिक सफर में उनके योगदान को याद किया था.
एक साल बाद ही माता का निधन
अब करीब एक साल बाद मां रूपी सोरेन के निधन ने परिवार को फिर गहरे शोक में डाल दिया है. रूपी सोरेन परिवार की महत्वपूर्ण सदस्य होने के साथ झामुमो संगठन से भी जुड़ी हुई थीं. पार्टी में केंद्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालते हुए वह संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहीं. रूपी सोरेन के निधन की सूचना के बाद झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त किया. पार्टी परिवार की ओर से उन्हें अंतिम जोहार और भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई. सोशल मीडिया पर भी बड़ी संख्या में लोगों ने उनके निधन पर दुख जताते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की.
कल नेमारा में होगा अंतिम संस्कार
परिवार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, स्व. रूपी सोरेन का पार्थिव शरीर गुरुवार, 8 अक्टूबर को सुबह 9 बजे उनके पैतृक गांव नेमरा, रामगढ़ ले जाया जाएगा. वहीं उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. इस दौरान परिवार के सदस्यों के साथ झामुमो के नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में शुभचिंतकों के मौजूद रहने की संभावना है.
शुभचिंतकों ने संवेदनाएं प्रकट की
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भावुक पोस्ट के बाद उनके समर्थकों और शुभचिंतकों ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं. लोगों ने रूपी सोरेन के निधन को सोरेन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. राजनीतिक जीवन में व्यस्त रहने के बावजूद हेमंत सोरेन कई मौकों पर अपने माता-पिता के प्रति सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव सार्वजनिक रूप से व्यक्त करते रहे हैं. ऐसे में मां के निधन के बाद उनकी X पोस्ट में व्यक्त भावनाएं उनके व्यक्तिगत दुख को सामने लाती हैं.रूपी सोरेन के निधन से सोरेन परिवार ने एक और महत्वपूर्ण सदस्य को खो दिया है. उनके निधन पर झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों की ओर से लगातार शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं.
The News Post के तरफ़ से स्व. रूपी सोरेन को अंतिम जोहार और भावभीनी श्रद्धांजलि.
