रांची (RANCHI): मुहर्रम पर्व को लेकर राजधानी रांची में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है. 27 जून 2026 को शहर के विभिन्न इलाकों से मुहर्रम जुलूस निकाले जाएंगे, जिसके मद्देनजर जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के परिचालन में बदलाव किया है. प्रशासन की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, सुबह 11 बजे से जुलूस समाप्त होने तक कई सड़कों पर सामान्य और यात्री वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा. यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी अवश्य ले लें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके.
इन मार्गों पर रहेगा यातायात प्रतिबंध
• किशोरी यादव चौक से अपर बाजार महाबीर मंदिर चौक होते हुए शहीद चौक की ओर सामान्य वाहनों का परिचालन बंद रहेगा.
• शहीद चौक से महाबीर मंदिर चौक की ओर जाने वाले वाहनों पर रोक रहेगी.
• सुभाष चौक से अपर बाजार और महाबीर मंदिर की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे.
• कचहरी चौक से अल्बर्ट एक्का चौक (शहीद चौक मार्ग) की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा.
• चडरी तालाब से अल्बर्ट एक्का चौक की ओर आने वाले वाहन नहीं चल सकेंगे.
• प्लाजा चौक से अल्बर्ट एक्का चौक की ओर यातायात बंद रहेगा.
• पुरुलिया रोड से सरजना चौक की ओर वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा.
• एसएन गांगुली रोड, विष्णु गली, बुढ़िया गली और राधेश्याम गली से मेन रोड की ओर आने वाले वाहनों पर रोक रहेगी.
• सुजाता चौक से मेन रोड की ओर सामान्य वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा.
• उलगुलान हाउस (UL House) के पास से मेन रोड की ओर जाने वाले वाहन नहीं चल सकेंगे.
• कर्बला चौक से रतन पीपी चौक की ओर यातायात प्रभावित रहेगा.
• कडरू से रेडिसन ब्लू होटल होते हुए मेन रोड आने वाले वाहनों का परिचालन बंद रहेगा.
• कमांडेंट आवास मोड़ से राजेंद्र चौक की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे.
• मेकॉन चौक से राजेंद्र चौक की ओर यातायात प्रतिबंधित रहेगा.
• तुलसी चौक से अंबेडकर चौक की ओर सामान्य वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी.
जरूरत पड़ने पर अन्य मार्गों में भी होगा डायवर्जन
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मुहर्रम जुलूस के दौरान भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए शहर के अन्य मार्गों पर भी आवश्यकता अनुसार यातायात डायवर्ट किया जा सकता है. ऐसे में वाहन चालकों से प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने और ट्रैफिक पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई है.
