☰
Jharkhand

धनतेरस पर राजधानी में बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था, कई जगह बनेगी अस्थायी पार्किंग, जानें क्या है तैयारी

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): राजधानी में धनतेरस और दीपावली के दौरान बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करने की कवायद शुरू हो गई है. इसे लेकर फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज और ट्रैफिक पुलिस की टीम ने मेन रोड का निरीक्षण कर जाम से निपटने के उपायों पर चर्चा की. इस दौरान वाहनों के आवागमन को नियंत्रित करने और वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया.

निरीक्षण के दौरान जिला स्कूल मैदान, रांची विश्वविद्यालय और वेंडर मार्केट समेत अन्य स्थानों को अस्थायी पार्किंग स्थल बनाने की संभावनाएं देखी गईं. चेंबर की ओर से मेन रोड की प्रमुख गलियों में ट्रैफिक पुलिस की तैनाती का सुझाव दिया गया. इनमें विष्णु गली, लालजी हिरजी रोड और राधेश्याम गली शामिल हैं. वहीं, चर्च रोड में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मेन रोड से काली मंदिर चौक होते हुए चर्च रोड और विक्रांत चौक की ओर जाने वाले तीनपहिया और चारपहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने का प्रस्ताव दिया गया है. वैकल्पिक मार्ग के रूप में डॉ फतेउल्लाह रोड और वूल हाउस की ओर से वाहनों के परिचालन का सुझाव भी दिया गया.

चेंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि त्योहारों के दौरान ग्राहकों को बाजार पहुंचने और खरीदारी करने में परेशानी नहीं होनी चाहिए. इसके लिए वैकल्पिक पार्किंग, वन-वे व्यवस्था और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती जरूरी है. चेंबर के सह सचिव अमित शर्मा ने बताया कि जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय बनाकर ऐसी व्यवस्था तैयार की जा रही है, जिससे व्यापार प्रभावित हुए बिना लोगों को जाम से राहत मिल सके. विस्तृत ट्रैफिक प्लान धनतेरस से दो दिन पहले जारी किया जाएगा.