Jharkhand

ईद मिलाद-उन-नबी जुलूस को लेकर रांची में ट्रैफिक अलर्ट, कई प्रमुख मार्गों पर रहेगा रूट डायवर्जन

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची (RANCHI): राजधानी में बुधवार यानी 26 अगस्त को ईद मिलाद-उन-नबी के अवसर पर निकलने वाले पारंपरिक जुलूस को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है. शहर में दोपहर 12 बजे से जुलूस समाप्त होने तक मेन रोड और जुलूस मार्ग से जुड़े कई प्रमुख रास्तों पर छोटे-बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी. वहीं, शहर में जाम की स्थिति से बचने के लिए सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक सभी भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगाया गया है. ट्रैफिक एसपी कार्यालय ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है.

यातायात पुलिस के अनुसार जुलूस कांटाटोली चौक, राजेंद्र चौक, सुजाता चौक, सर्जना चौक और अल्बर्ट एक्का चौक सहित कई प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगा. इस दौरान सर्जना चौक से राजेंद्र चौक तक वूल हाउस, उर्दू लाइब्रेरी, रतन पीपी, सुजाता चौक और बिग बाजार चौक वाला मार्ग बंद रहेगा. इसके अलावा कांटाटोली से पथलकुदवा चौक तक कुम्हार टोली और नया टोली मार्ग, प्लाजा चौक से मिशन चौक, मिशन चौक से कर्बला चौक और कर्बला चौक से काली मंदिर तथा वूल हाउस की ओर जाने वाले सभी संपर्क मार्गों पर भी वाहनों का परिचालन रोक दिया जाएगा. ऑटो, ई-रिक्शा (टोटो), निजी वाहन और अन्य सवारी वाहनों को इन रास्तों पर जाने की अनुमति नहीं होगी.

ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि सभी भारी मालवाहक वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा और उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए रिंग रोड का उपयोग करना होगा. प्रशासन ने यह भी कहा है कि भीड़ और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए जरूरत पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी अस्थायी रूप से यातायात रोका या डायवर्ट किया जा सकता है. लोगों से अपील की गई है कि बहुत जरूरी होने पर ही निजी चारपहिया वाहनों का इस्तेमाल करें और यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी की जानकारी जरूर लें, ताकि जाम से बचा जा सके और जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो.