रांची (RANCHI): दुर्गा पूजा के दौरान रांची में पूजा पंडालों के दर्शन करने की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक रूट और पार्किंग की जानकारी जरूर हासिल कर लें. शहर में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रांची पुलिस ने 21 अक्टूबर तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है. इसके तहत मेन रोड पर प्रतिदिन शाम 3:30 बजे से अगले दिन सुबह 3 बजे तक छोटे वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी. वहीं, भारी वाहनों की आवाजाही के लिए भी समय निर्धारित किया गया है. पुलिस ने जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों और पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की है.
मेन रोड पर इन वाहनों की एंट्री रहेगी बंद
21 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 3:30 बजे से अगले दिन सुबह 3 बजे तक मेन रोड में छोटे वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. इस अवधि में कचहरी चौक से शहीद चौक, फिरायालाल चौक होते हुए सुजाता चौक की ओर निजी कार, ऑटो, ई-रिक्शा और छोटे मालवाहक वाहन नहीं जा सकेंगे. न्यू मार्केट चौक से किशोरगंज चौक तक भी छोटे वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी.
भारी वाहनों के लिए भी तय हुआ समय
शहर में यातायात का दबाव कम रखने के लिए प्रतिदिन सुबह 8 बजे से अगले दिन सुबह 4 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा. हालांकि, जरूरी सामान लेकर आने वाले वाहनों को सुबह 3 बजे से 8 बजे तक शहर में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी. यातायात व्यवस्था नियंत्रित करने के लिए शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों समेत 17 स्थानों पर ड्रॉप गेट और बैरियर लगाए जाएंगे.
इन वैकल्पिक रास्तों का करें इस्तेमाल
ट्रैफिक प्रतिबंध के दौरान वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से गुजरना होगा. कांके रोड से कचहरी चौक जाने वाले वाहन जाकिर हुसैन पार्क और रेडियम रोड का इस्तेमाल कर सकेंगे. लालपुर से कोकर जाने वाले मार्ग पर वन-वे व्यवस्था रहेगी. हरमू रोड से आने वाले छोटे वाहन अरगोड़ा चौक, कडरू, सुजाता चौक और मुंडा चौक होते हुए कांटाटोली जा सकेंगे. बरियातू रोड और डंगराटोली की ओर से आने वाले वाहन चालकों को भी निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का पालन करना होगा.
यहां कर सकेंगे वाहनों की पार्किंग
- फिरायालाल से बकरी बाजार की ओर जाने वाले: जिला स्कूल और बालकृष्ण स्कूल परिसर में पार्किंग कर सकेंगे.
- डंगराटोली की ओर से आने वाले: मिशन चौक और संत जॉन स्कूल के सामने निर्धारित स्थलों का इस्तेमाल कर सकेंगे.
- स्टेशन रोड के पूजा पंडालों में जाने वाले: रेलवे भर्ती बोर्ड से चुटिया थाना मोड़ तक रेलवे पार्किंग का उपयोग कर सकेंगे.
इसके अलावा रामलखन यादव कॉलेज, न्यू मार्केट ऑटो स्टैंड, बड़ा तालाब नदी ग्राउंड, साधु मैदान, नागाबाबा खटाल, जाकिर हुसैन पार्क, रांची विश्वविद्यालय और संत जेवियर कॉलेज परिसर में भी पार्किंग की व्यवस्था की गई है.
