रांची (RANCHI): राजधानी रांची के मोराबादी मैदान में मंगलवार से तीन दिवसीय राजकीय कृषि मेले का आयोजन होने जा रहा है. इस भव्य मेले का उद्घाटन झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे. मेले के शुभारंभ से एक दिन पूर्व सोमवार को राज्य की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. झारखंड में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर इस राजकीय कृषि मेले का आयोजन किया जा रहा है.
इस मेले का मुख्य उद्देश्य राज्य के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत कृषि यंत्रों और वैज्ञानिक खेती की नई विधियों से अवगत कराना है. कृषि मंत्री ने बताया कि मेले में देश के विभिन्न राज्यों से आधुनिक कृषि उपकरणों के प्रदर्शक, कृषि विशेषज्ञ और वैज्ञानिक भाग लेंगे. यहां किसानों को कम लागत में अधिक उत्पादन करने और कृषि क्षेत्र में हो रहे नए नवाचारों (इन्नोवेशंस) के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी.
कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने उम्मीद जताई है कि झारखंड के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में किसान इस मेले में शामिल होकर इसका सीधा लाभ उठाएंगे. उन्होंने कहा कि यह आयोजन किसानों की आय बढ़ाने और पारंपरिक खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा. निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टॉल, प्रदर्शनी क्षेत्र, किसानों के ठहरने की व्यवस्था और सुरक्षा का बारीकी से अवलोकन किया ताकि किसी को असुविधा न हो.
