Jharkhand

रांची में बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना, लाखों के गहने और नकदी पर किया हाथ साफ

Varsha Varma CE
Copy Editor
रांची में बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना, लाखों के गहने और नकदी पर किया हाथ साफ

रांची(RANCHI): राजधानी के खेलगांव थाना क्षेत्र से चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है. चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के गहनों और नकदी पर हाथ साफ कर दिया.खेलगांव थाना क्षेत्र के न्यू खटंगा पोस्ट सुगनु निवासी अनीश कुमार भारती के घर में यह चोरी हुई है. बताया जा रहा है कि घटना के समय पूरा परिवार नेपाल यात्रा पर गया हुआ था. इसी दौरान चोरों ने सुनसान घर का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया. परिवार के घर से बाहर होने की जानकारी मिलते ही चोर सक्रिय हो गए और घर में घुसकर कीमती सामान लेकर फरार हो गए.

पीड़ित परिवार जब नेपाल यात्रा से वापस लौटा तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. घर के ताले और सामान अस्त-व्यस्त मिले. जांच करने पर पता चला कि घर में रखे लगभग 25 से 30 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण गायब हैं. इसके अलावा करीब 15 हजार रुपये नकद भी चोरी कर लिए गए हैं.

अनीश कुमार भारती मेधा डेयरी में कार्यरत हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने घटना का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके.

जांच में पुलिस को आशंका है कि चोरों को घर के बंद होने की जानकारी पहले से थी. इसी वजह से उन्होंने सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया. फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है.

इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भी चिंता का माहौल है. स्थानीय लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.