☰
Jharkhand

‘आदिवासी नेत्री निशा भगत की आत्महत्या मामले की CBI जांच हो, दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित हो’: देवेन्द्र नाथ महतो

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची(RANCHI): गुमला विधानसभा की JLKM पूर्व प्रत्याशी, प्रखर वक्ता और संघर्षशील आदिवासी नेत्री निशा भगत द्वारा फेसबुक लाइव के दौरान आत्महत्या किए जाने की घटना ने पूरे झारखंड को झकझोर कर रख दिया है. इस घटना पर JLKM केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें अंतिम जोहार एवं विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने इस पूरे मामले की CBI जांच कराने और दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है.

अस्पताल पहुंचकर ली घटना की जानकारी

घटना की सूचना मिलने पर देवेन्द्र नाथ महतो तत्काल कांके जनरल हॉस्पिटल पहुंचे. वहां से जानकारी मिली कि निशा भगत को RIMS ले जाया गया है. इसके बाद वे RIMS पहुंचे और DSP, कांके थाना प्रभारी एवं पिठोरिया थाना प्रभारी से बातचीत की. उन्होंने RIMS के ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों एवं प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग भी की.

फेसबुक लाइव में बयां किया था अपना दर्द

देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि फेसबुक लाइव के दौरान निशा भगत रोती हुई और बेहद भावुक स्थिति में दिखाई दे रही थीं. उन्होंने अपने माता-पिता से माफी मांगी थी. लाइव के दौरान पिठोरिया थाना प्रभारी को फोन कर कहा था कि लिखित शिकायत देने के बावजूद उनकी मदद नहीं की गई. उन्होंने बताया कि निशा भगत ने झारखंड सरकार से जुड़े लोगों, कथित जमीन माफियाओं, भाजपा एवं आरएसएस के लोगों द्वारा सहयोग नहीं किए जाने और सरकार से जुड़े लोगों द्वारा परेशान किए जाने की बातें भी कही थीं.

शिकायतों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई, उठाए सवाल

देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि एक प्रखर, बेबाक और संघर्षशील आदिवासी बेटी का इस तरह फेसबुक लाइव पर आत्महत्या का कदम उठाना बेहद गंभीर और झारखंड को शर्मसार करने वाली घटना है. आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां उत्पन्न हुईं कि निशा भगत को इतना बड़ा कदम उठाना पड़ा? उनकी शिकायतों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? उन्होंने पूरे मामले की CBI जांच कराने, घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने और दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है.