Jharkhand

रांची एयरपोर्ट पर फिर हुई चोरी, सर्वर बूथ से लाखों के सामान गायब

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

RANCHI:रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट की पार्किंग में एक बार फिर चोरी की घटना सामने आई है. चोरों ने पार्किंग परिसर स्थित मुख्य सर्वर बूथ को निशाना बनाते हुए कई महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर हाथ साफ कर दिया. चोरी गए सामान में इन्वर्टर, दो कंप्यूटर, हैंड मशीन, डीवीआर, सीसीटीवी कैमरे और बड़ी मात्रा में केबल वायर शामिल हैं. घटना की जानकारी उस समय हुई, जब सुबह कर्मचारी ड्यूटी पर पहुंचे और सर्वर बूथ में रखे उपकरणों को गायब पाया.

मामले को लेकर एयरपोर्ट पार्किंग के मैनेजर अविनाश चंद्र तिवारी ने लिखित शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. बताया गया कि सुबह कर्मचारी जब पार्किंग के मुख्य सर्वर बूथ में पहुंचे तो वहां कई जरूरी उपकरण नहीं थे. कर्मचारियों ने आसपास के इलाकों में भी सामान की तलाश की, लेकिन चोरी हुए उपकरणों का कोई पता नहीं चल पाया.

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोर किस रास्ते से पार्किंग परिसर में दाखिल हुए और चोरी के बाद किस दिशा में फरार हुए. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.

एयरपोर्ट पार्किंग में चोरी की यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले 19 मार्च को भी इसी परिसर में चोरी की वारदात हुई थी. उस घटना में चोरों ने इलेक्ट्रॉनिक सामान, नकदी और केबल वायर समेत कई चीजें चोरी कर ली थीं. उस मामले में भी पुलिस की ओर से प्राथमिकी दर्ज की गई थी.

लगातार दो बार चोरी की घटनाएं सामने आने के बाद एयरपोर्ट पार्किंग की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं. बिरसा मुंडा एयरपोर्ट जैसे संवेदनशील स्थान पर सर्वर, सीसीटीवी सिस्टम, डीवीआर और अन्य तकनीकी उपकरणों की सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है. ऐसे में एक ही परिसर में दो बार चोरी होना सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े करता है.

बताया जा रहा है कि मार्च में दर्ज मामले में भी पुलिस अब तक चोरों तक नहीं पहुंच सकी है और चोरी गए सामान की बरामदगी नहीं हुई है. अब ताजा घटना के बाद पुलिस के सामने दोनों मामलों को सुलझाने की चुनौती है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह का हाथ है या अलग-अलग चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है.