टीएनपी डेस्क (TNP DESK): त्योहारों का मौसम आ गया है. ऐसे में दिवाली के बाद छठ महापर्व की तैयारियां शुरू हो गई हैं. ऐसे में जो लोग नौकरी, पढ़ाई या किसी दूसरे काम के सिलसिले में अपने घर से दूर रह रहे हैं, उनके लिए घर लौटना किसी चुनौती से कम नहीं है. खासकर ट्रेन में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है. ऐसे में यात्रियों की इसी परेशानी को देखते हुए रेलवे ने एक अच्छी खबर दी है. दिवाली और छठ के दौरान अतिरिक्त भीड़ को कम करने के लिए गोंदिया-पटना-गोंदिया पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया गया है. यह ट्रेन रांची, हटिया, बोकारो, धनबाद और जसीडीह होकर गुजरेगी, जिससे झारखंड के यात्रियों को भी राहत मिलेगी.
13 और 20 नवंबर को गोंदिया से खुलेगी ट्रेन
दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल के अनुसार, ट्रेन संख्या 08895 गोंदिया-पटना पूजा स्पेशल 13 और 20 नवंबर को शुक्रवार दोपहर 12:30 बजे गोंदिया से रवाना होगी. रायपुर और राउरकेला होते हुए ट्रेन शनिवार तड़के 2:10 बजे हटिया और 2:30 बजे रांची पहुंचेगी. यहां से 2:40 बजे प्रस्थान कर सुबह 5:05 बजे बोकारो, 7:05 बजे धनबाद और 10:43 बजे जसीडीह पहुंचेगी. ट्रेन के पटना पहुंचने का समय शाम 4:30 बजे निर्धारित किया गया है.
14 और 21 नवंबर को पटना से वापसी
वापसी में ट्रेन संख्या 08896 पटना-गोंदिया पूजा स्पेशल 14 और 21 नवंबर को शाम 6:10 बजे पटना से रवाना होगी. अगले दिन रविवार सुबह 8:05 बजे रांची पहुंचेगी और 8:15 बजे गोंदिया के लिए प्रस्थान करेगी. इस ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे. इनमें एक एसी टू टियर, तीन एसी थ्री टियर, 10 स्लीपर, चार सामान्य श्रेणी और दो एसएलआरडी कोच शामिल हैं.
यात्रियों की सुरक्षा के लिए आरपीएफ का विशेष अभियान
त्योहारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रांची रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने विशेष सेफ्टी ड्राइव शुरू किया है. इसके तहत सुरक्षित कतार, जांच और ट्रेन में चढ़ने-उतरने की व्यवस्था पर जोर दिया जा रहा है. महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांग यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन पूरी तरह रुकने के बाद ही चढ़ें और उतरें. चलती ट्रेन में चढ़ने, दरवाजे पर लटकने और प्लेटफॉर्म पर धक्का-मुक्की करने से बचें.
