RANCHI(रांची): झारखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं का JPSC-JSSC आंदोलन एक बार फिर जोर पकड़ने की तैयारी में है. परीक्षा में गड़बड़ियों और भर्ती प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों के बीच अभ्यर्थियों ने अब सरकार के खिलाफ नए सिरे से मोर्चा खोलने का फैसला किया है. सवाल यह है कि जब पहले भी इस मुद्दे पर आंदोलन हो चुका है, तो अब इसकी जरूरत क्यों पड़ रही है? दरअसल, अभ्यर्थियों का आरोप है कि सरकार से उम्मीद लगाए बैठे युवाओं को अब तक कोई ठोस नतीजा नहीं मिला है. इसी नाराजगी को एक बड़े आंदोलन में बदलने के लिए JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच ने नई रणनीति तैयार की है.
दो महीने का समय बीता, लेकिन कार्रवाई का इंतजार
मंगलवार को रांची के मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंच के नेता राहुल क्रांति ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि सरकार ने मामले में कार्रवाई के लिए दो महीने का समय मांगा था, लेकिन तय समय गुजरने के बाद भी अभ्यर्थियों को कोई ठोस जवाब नहीं मिला है.
राहुल क्रांति ने न्यायालय में सरकार की पैरवी पर भी सवाल उठाए. उनका आरोप है कि सरकार ने अभ्यर्थियों का पक्ष मजबूती से नहीं रखा. उन्होंने CID जांच को भी सवालों के घेरे में रखते हुए कहा कि जांच के दौरान चार अभ्यर्थियों की गिरफ्तारी की खबरें सामने आई थीं, लेकिन इन तथ्यों को न्यायालय के सामने प्रभावी ढंग से क्यों नहीं रखा गया.
पांचों प्रमंडलों में जुटेंगे अभ्यर्थी
अब रिफॉर्म मंच इस लड़ाई को केवल रांची तक सीमित नहीं रखना चाहता. आंदोलन को गांव-कस्बों और जिलों तक पहुंचाने की तैयारी है. इसके लिए राज्य के पांचों प्रमंडलों में छात्र महापंचायत आयोजित की जाएगी. मंच जल्द ही इन कार्यक्रमों की तारीखों का ऐलान करेगा.
सभी 24 जिलों के युवाओं को जोड़ने की तैयारी
मंच का कहना है कि इस बार सभी 24 जिलों के अभ्यर्थियों को एक मंच पर लाकर राज्यव्यापी आंदोलन खड़ा किया जाएगा. इसके जरिए परीक्षा व्यवस्था में सुधार, कथित गड़बड़ियों पर कार्रवाई और अभ्यर्थियों की मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बनाया जाएगा. मंच ने साफ किया है कि आंदोलन संवैधानिक और शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा.
फिलहाल छात्र महापंचायत की तारीखों का इंतजार है, लेकिन इतना तय है कि JPSC-JSSC परीक्षाओं को लेकर अभ्यर्थियों की नाराजगी एक बार फिर झारखंड की सियासत और प्रशासन के सामने बड़ा मुद्दा बनने जा रही है.