RANCHI: रांची: झारखंड की राजधानी रांची एक बार फिर क्रिकेट के रंग में रंगने जा रही है. 10 जून से झारखंड प्रीमियर लीग (जेपीएल) 2026 का आगाज होने जा रहा है. यह टूर्नामेंट 23 जून तक रांची के धुर्वा स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. प्रतियोगिता में राज्य के कई युवा और उभरते खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे.
क्रिकेट प्रेमियों के लिए अच्छी खबर यह है कि टूर्नामेंट के सभी मुकाबले देखने के लिए स्टेडियम में प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क रखा गया है. दर्शक बिना किसी टिकट के मैदान पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा सकेंगे. जेएससीए ने लोगों से बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचने की अपील की है.
जेपीएल में कुल छह टीमें हिस्सा ले रही हैं. इनमें रांची टाइटंस, छोटानागपुर रॉयल्स, कोयलांचल सुपर किंग्स, जमशेदपुर स्टीलर्स, धनबाद डायमंड्स और संथाल स्ट्राइकर्स शामिल हैं. सभी टीमें खिताब जीतने के लिए दमदार मुकाबले करती नजर आएंगी.
टूर्नामेंट के पहले दिन दो मुकाबले खेले जाएंगे. पहला मैच दोपहर 12 बजे छोटानागपुर रॉयल्स और रांची टाइटंस के बीच होगा. इसके बाद शाम 6 बजे भव्य ओपनिंग सेरेमनी का आयोजन किया जाएगा. समारोह में पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान MS Dhoni और मशहूर गायिका Kanika Kapoor अपनी मौजूदगी से कार्यक्रम की रौनक बढ़ाएंगे.
ओपनिंग सेरेमनी के बाद रात 7:30 बजे दूसरा मुकाबला कोयलांचल सुपर किंग्स और जमशेदपुर स्टीलर्स के बीच खेला जाएगा.
पूरे टूर्नामेंट में कुल 27 मैच आयोजित होंगे, जिनमें 24 लीग मुकाबले शामिल हैं. लीग चरण के बाद शीर्ष टीमें नॉकआउट दौर में जगह बनाएंगी और 23 जून को फाइनल मुकाबले के साथ नए चैंपियन का फैसला होगा.
टूर्नामेंट के सभी मैचों का सीधा प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा, जिससे देशभर के क्रिकेट प्रशंसक इस रोमांचक लीग का आनंद उठा सकेंगे.
