☰
Jharkhand

छठ का पहला अर्घ्य आज : आस्था के महापर्व के लिए तैयार झारखंड, रांची से जमशेदपुर, धनबाद तक घाटों पर विशेष इंतजाम

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

लोकआस्था का महापर्व छठ अब अपने सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंच गया है. आज व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे. चार दिवसीय इस महापर्व को लेकर पूरे झारखंड में उत्साह और भक्ति का माहौल है. रांची, जमशेदपुर, देवघर समेत राज्य के प्रमुख शहरों में छठ घाटों की साफ-सफाई, सजावट और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है. छठ महापर्व में पहला अर्घ्य डूबते सूर्य को दिया जाता है. इस परंपरा का विशेष महत्व है. व्रती नदी, तालाब और जलाशयों में खड़े होकर सूर्यदेव को दूध और जल से अर्घ्य अर्पित करते हैं. बांस की टोकरी और सूप में ठेकुआ, फल, नारियल, गन्ना तथा अन्य पारंपरिक प्रसाद सजाए जाते हैं. श्रद्धालु परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं.

रांची में 72 घाटों पर तैयारी

राजधानी रांची में नगर निगम के 72 चिह्नित छठ घाटों पर सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग और चेंजिंग रूम की व्यवस्था की गई है. घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं

जमशेदपुर में 50 घाट तैयार, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

जमशेदपुर में जेएनएसी, मानगो नगर निगम और जुगसलाई क्षेत्र के करीब 50 घाट तैयार किए गए हैं. प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल, मजिस्ट्रेट, गोताखोर, ड्रोन निगरानी और मेडिकल टीमों की तैनाती की व्यवस्था की है

देवघर में भी छठ की रौनक

देवघर में भी छठ को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है. घाटों पर पहुंचकर व्रती परिवार के साथ पूजा की तैयारियों में जुटे हैं. शहर में छठी मइया के गीतों और पारंपरिक भक्ति से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है.

शहरों में अर्घ्य का समय

- रांची: शाम 5:04 बजे.

- जमशेदपुर: शाम 5:01 बजे.

- देवघर: शाम 4:57 बजे.

पहले अर्घ्य के बाद सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य दिया जाएगा. इसके साथ ही 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का पारण होगा. छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि स्वच्छता, प्रकृति के प्रति सम्मान, अनुशासन और सामाजिक एकता का भी संदेश देता है. एक तरफ घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ने को तैयार है, तो दूसरी तरफ पूरा झारखंड छठी मइया की भक्ति में सराबोर नजर आ रहा है.