☰
Jharkhand

छठ मनाने बिहार गया था परिवार, पीछे से घर से चोरों ने उड़ा लिए 12 लाख रुपए

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची(RANCHI): झारखंड में अलग अलग जिलों से चोरी की घटनाओं से लोग परेशान हो गए है. ऐसी घटनाएँ थमने का नाम ही नहीं ले रही है.  ऐसे में ताज़ा मामला BIT थाना क्षेत्र से आया है जहां एक परिवार छठ मनाने अपने घर बिहार गया था. ऐसे में चोरों ने बंद घर का फायदा उठाते हुए चोरी को अंजाम दिया. दरअसल, बीआईटी थाना क्षेत्र के देवी दर्शन स्थित वैष्णवी नगर का है, जहां चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए करीब 12 लाख रुपये के जेवरात और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया. घटना के दौरान घर में कोई मौजूद नहीं था. गृहस्वामी धर्मेंद्र कुमार सिंह अपने परिवार के साथ छठ महापर्व मनाने बिहार के छपरा जिले के परसा गांव गए हुए थे. इसी दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दिया.

छठ मनाने गांव गया था परिवार, सूने घर में की चोरी

जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र कुमार सिंह परिवार के साथ छठ पर्व मनाने अपने पैतृक गांव परसा गए थे. घर बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने मकान का ताला तोड़ दिया और अंदर प्रवेश कर गए. इसके बाद घर के कमरों और अलमारियों को खंगालते हुए नकदी, सोने-चांदी के आभूषण समेत कई कीमती सामान चोरी कर लिए. चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है. परिवार की गैरमौजूदगी में चोरों ने घर में रखे सामान को निशाना बनाया. हालांकि, चोर घर से किन-किन सामानों को लेकर गए हैं, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आनी बाकी है.

घर लौटने पर चला चोरी का पता, पुलिस जांच में जुटी

परिवार के छठ पर्व के बाद घर लौटने पर चोरी की घटना का खुलासा हुआ. घर का ताला टूटा देखकर परिजनों के होश उड़ गए. अंदर जांच करने पर नकदी और जेवरात समेत कई कीमती सामान गायब मिले. इसके बाद गृहस्वामी धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बीआईटी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई. इधर, मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़े सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी कर रही है. अब देखना होगा की पुलिस इसको लेकर क्या कार्रवाई करती है.