रांची (RANCHI): जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जहां एक युवक की मौत के बाद भी 2 दिन तक कमरे में शव पड़ा रहा जहां वो रहता था. दरअसल, एक फ्लैट में रहने वाले युवक की मौत के बाद उसका शव करीब दो दिनों तक कमरे में पड़ा रहा. आसपास के लोगों को इसकी जानकारी तब हुई, जब कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया. बताया जा रहा है कि युवक अपनी बुजुर्ग मां के साथ रहता था. आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण दोनों भीख मांगकर अपना गुजारा कर रहे थे.
मां के साथ फ्लैट में रहता था युवक
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, युवक काफी समय से अपनी बुजुर्ग मां के साथ अरगोड़ा स्थित एक फ्लैट में रह रहा था. मां-बेटे की आर्थिक हालत बेहद खराब थी. घर चलाने के लिए दोनों को लोगों से मदद मांगनी पड़ती थी. बताया जाता है कि वे भीख मांगकर किसी तरह अपना पेट पाल रहे थे. हालांकि, उनकी जिंदगी में चल रही परेशानियों के बीच किसी को इस बात का अंदाजा नहीं था कि युवक की मौत हो चुकी है.
दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना
बताया जा रहा है कि युवक की मौत करीब दो दिन पहले हुई थी. उसका शव फ्लैट के कमरे में ही पड़ा रहा. इस दौरान कमरे से दुर्गंध आने लगी. जब आसपास के लोगों को शक हुआ तो उन्होंने अरगोड़ा थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे के अंदर जांच की. वहां युवक का शव बरामद हुआ. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत की असली वजह सामने आएगी. ऐसे में बेटे के जाने के बाद मां के सर से वो सहारा भी छिन गया जिसे उसे सबसे ज्यादा जरूरत थी.
