☰
Jharkhand

गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा ये इलाका, घर में घुस कर युवक के सीने में मारी गोली

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): रांची में पैसे के लेनदेन को लेकर चल रहा विवाद देर रात खूनी संघर्ष में बदल गया. सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी रोड नंबर-1 में बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर एक युवक की जान ले ली. गोली लगने से छोटू महतो उर्फ मिथिलेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

स्थानीय लोगों के मुताबिक, धुर्वा निवासी अभिषेक उर्फ लल्लू और इंद्रपुरी निवासी विकास महतो के बीच रुपये के लेनदेन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसी रंजिश में बुधवार देर रात अभिषेक अपने कुछ साथियों के साथ विकास महतो के घर पहुंचा. हालांकि, घर का मुख्य दरवाजा बंद होने की वजह से सभी अंदर प्रवेश नहीं कर सके. इसके बाद आरोपियों ने घर के बाहर से ही गोलियां चलानी शुरू कर दीं. इसी दौरान एक गोली छोटू महतो को लग गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

एक आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही सुखदेवनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, मुख्य आरोपी अभिषेक उर्फ लल्लू समेत अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. कोतवाली एएसपी निखिल राय ने बताया कि बुधवार देर रात एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या की गई है. शुरुआती जांच में पैसों के लेनदेन का विवाद हत्या की वजह सामने आया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.