☰
Jharkhand

रांची में कल होगा 21वीं झारखंड राज्य पुलिस ड्यूटी मीट का उद्घाटन, जानिए क्या है खास

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड पुलिस की 21वीं राज्य पुलिस ड्यूटी मीट-2026 का उद्घाटन समारोह 27 नवंबर को रांची में आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम का आयोजन डोरंडा स्थित जैप-1 के परेड ग्राउंड में सुबह 10 बजे से होगा. इस आयोजन की जिम्मेदारी सीआईडी को सौंपी गई है. समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डीजीपी उपस्थित रहेंगे. 

इस आयोजन में राज्य के विभिन्न जिलों और पुलिस इकाइयों की प्रतिभागी टीमें शामिल होंगी. पुलिस ड्यूटी मीट का उद्देश्य पुलिसकर्मियों की पेशेवर दक्षता, कार्यकुशलता और विभिन्न पुलिस गतिविधियों में उनकी क्षमता को परखना है. 

उद्घाटन समारोह का पूरा कार्यक्रम
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे प्रतिभागी टीमों के आगमन और उनके पंक्तिबद्ध होने के साथ होगी. सुबह 10:40 बजे एडीजी सीआईडी रांची का आगमन होगा, जहां बैंड द्वारा उनका अभिवादन किया जाएगा. सुबह 10:50 बजे मुख्य अतिथि शहीद स्थल पर पहुंचकर माल्यार्पण करेंगे. इसके बाद 10:55 बजे मुख्य अतिथि मंच पर पहुंचेंगे और बैंड द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा. सुबह 11 बजे आयोजन समिति के सदस्यों और टीम प्रबंधकों का मुख्य अतिथि से परिचय कराया जाएगा.

सुबह 11:05 बजे प्रतिभागी टीमों द्वारा मार्च पास्ट किया जाएगा. इसके बाद 11:15 बजे एडीजी सीआईडी स्वागत भाषण देंगे. सुबह 11:25 बजे एडीजी सीआईडी मुख्य अतिथि से उद्घाटन की घोषणा करने का अनुरोध करेंगे.

सुबह 11:30 बजे मुख्य अतिथि द्वारा 21वीं झारखंड राज्य पुलिस ड्यूटी मीट-2026 के उद्घाटन की घोषणा की जाएगी. इसी दौरान शपथ ग्रहण कार्यक्रम भी होगा. इसके बाद 11:35 बजे मुख्य अतिथि आशीर्वचन देंगे. सुबह 11:40 बजे उन्हें स्मृति चिह्न प्रदान किया जाएगा और अंत में 11:45 बजे आईजी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ उद्घाटन समारोह संपन्न होगा. पुलिस ड्यूटी मीट के माध्यम से पुलिसकर्मियों की दक्षता और अनुशासन को बढ़ावा देने के साथ राज्य पुलिस की कार्यक्षमता को और मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा.