Jharkhand

रांची में THAR सवार की गुंडागर्दी , वाहन जांच के दौरान पुलिसकर्मी को कुचला ! 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): राजधानी रांची के मोरहाबादी इलाके में वाहन जांच के दौरान पुलिसकर्मी को थार एसयूवी से कुचलने की कोशिश करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विश्राम उरांव को दबोच लिया. पुलिस अब उससे पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है.

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को लालपुर थाना की गश्ती टीम मोरहाबादी मैदान के पास स्थित पार्क प्राइम होटल के समीप नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी. इसी दौरान पुलिस की नजर एक संदिग्ध महिंद्रा थार पर पड़ी, जिसका शीशा भी क्षतिग्रस्त था. पुलिसकर्मियों ने चालक को वाहन रोकने का संकेत दिया, लेकिन उसने निर्देश मानने के बजाय अचानक तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ा दी.

आरोप है कि तेज रफ्तार थार सीधे लालपुर थाना की गश्ती टीम के चालक राजेश सिंह की ओर बढ़ी और उन्हें टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वाहन का पहिया उनके पैर पर चढ़ गया, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े. गिरने के दौरान उनके सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं. घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल घायल पुलिसकर्मी को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने घायल राजेश सिंह का प्राथमिक उपचार किया. चिकित्सकों के अनुसार उनके सिर और पैर में चोटें आई थीं. इलाज के बाद उनकी स्थिति स्थिर होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और कुछ दिनों तक आराम करने की सलाह दी गई.

घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी राकेश रंजन ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए. इसके बाद सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर आरोपी विश्राम उरांव को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने पुलिस पर वाहन चढ़ाने की कोशिश किन परिस्थितियों में की.