Jharkhand

रांची एयरपोर्ट से 5 नियमित उड़ानों पर लगी अस्थायी ब्रेक, दिल्ली-मुंबई समेत कई रूटों के यात्रियों की बढ़ेंगी दिक्कतें

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor
रांची एयरपोर्ट से 5 नियमित उड़ानों पर लगी अस्थायी ब्रेक, दिल्ली-मुंबई समेत कई रूटों के यात्रियों की बढ़ेंगी दिक्कतें

रांची (RANCHI): राजधानी रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से विभिन्न शहरों के लिए संचालित पांच नियमित उड़ानों का परिचालन एक जुलाई से अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है. एयरलाइन कंपनियों का कहना है कि एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) की बढ़ती कीमतों और विमानों की सीमित उपलब्धता के कारण यह फैसला लिया गया है. फिलहाल स्थिति सामान्य होने तक इन उड़ानों का संचालन नहीं किया जाएगा.

बंद की गई उड़ानों में एयर इंडिया एक्सप्रेस की चार सेवाएं शामिल हैं. इनमें IX-2379/2378 (दिल्ली-रांची-दिल्ली), IX-1053/1051 (दिल्ली-रांची-दिल्ली), IX-2373/2372 (हैदराबाद-रांची-मुंबई) और IX-2375/2374 (मुंबई-रांची-हैदराबाद) शामिल हैं. इसके अलावा इंडिगो ने भी अपनी 6E-7317/6E-7251 उड़ान का परिचालन फिलहाल रोक दिया है. इन उड़ानों के बंद होने का सीधा असर रांची से दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और कोलकाता जाने वाले यात्रियों पर पड़ेगा. खासकर व्यवसायिक यात्रियों, छात्रों और इलाज के लिए यात्रा करने वाले लोगों को अधिक परेशानी हो सकती है. कई यात्रियों को अब वैकल्पिक उड़ानों में टिकट बुक करनी होगी या अपनी यात्रा की योजना बदलनी पड़ सकती है.

इस बीच, इंडिगो की भुवनेश्वर-रांची (6E-7361) उड़ान को तकनीकी खराबी के कारण रद्द कर दी गई. एयरलाइन ने बताया कि प्रभावित यात्रियों को पहले ही फोन के माध्यम से इसकी जानकारी दे दी गई थी, ताकि उन्हें अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े. वहीं बीते दिनों खराब मौसम के कारण रांची एयरपोर्ट से संचालित कई उड़ानें भी निर्धारित समय से देरी से रवाना हुईं. एयर इंडिया एक्सप्रेस की मुंबई, बेंगलुरु और दिल्ली जाने वाली फ्लाइटों के साथ इंडिगो की मुंबई, पटना, दिल्ली और कोलकाता जाने वाली उड़ानों में भी 20 मिनट से लेकर लगभग एक घंटे तक की देरी दर्ज की गई. इससे यात्रियों को एयरपोर्ट पर लंबा इंतजार करना पड़ा.