☰
Jharkhand

नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में टैलेंट का जलवा, 500 से अधिक छात्रों ने उज्ज्वला महोत्सव में लिया हिस्सा

Samiksha Singh
Samiksha Singh
Sr. Content Writer

टीएनपी डेस्क: नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में दीपावली के पूर्व उत्सव के रूप में आयोजित ‘उज्ज्वला महोत्सव’ हर्षोल्लास, उमंग और सांस्कृतिक रंगों के बीच भव्य रूप से संपन्न हुआ. विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक समिति  के मार्गदर्शन में आयोजित इस महोत्सव में 500 से अधिक विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया. 16 से अधिक प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता, कलात्मक अभिव्यक्ति, प्रतिभा और कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिला. पूरे आयोजन में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी और उत्साह ने इसे विश्वविद्यालय के एक यादगार सांस्कृतिक आयोजन के रूप में स्थापित किया.

महोत्सव के दौरान एथनिक रैंप वॉक, एकल एवं समूह नृत्य, एकल एवं समूह गायन, फायरलेस कुकिंग, रंगोली निर्माण, स्किट, बिजनेस आइडिया प्रेजेंटेशन, मेहंदी, स्केचिंग, एक्सटेम्पोर, डिबेट, स्टैंडअप कॉमेडी, स्पेलिंग कॉम्बैट सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता, आत्मविश्वास, मंचीय कौशल और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया. विशेष रूप से एथनिक रैंप वॉक के माध्यम से भारतीय पारंपरिक परिधानों और सांस्कृतिक विरासत की आकर्षक झलक देखने को मिली, वहीं रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा उभरकर सामने आई. फायरलेस कुकिंग और बिजनेस आइडिया प्रेजेंटेशन जैसी प्रतियोगिताओं ने विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान, नवाचार और उद्यमशीलता की सोच को भी मंच प्रदान किया.

प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के बाद विद्यार्थियों के उत्साह को और बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया. सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया. विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत और अन्य मनोरंजक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. इसके बाद विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. पुरस्कार वितरण समारोह ने प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ अन्य विद्यार्थियों को भी भविष्य में ऐसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया.

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने कहा उज्ज्वला महोत्सव केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक चेतना को अभिव्यक्त करने का एक महत्वपूर्ण मंच है. शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना भी है. इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता की भावना विकसित करते हैं. नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए ऐसे अवसर प्रदान करता रहेगा.

वहीं, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रभात कुमार पाणि ने कहा उज्ज्वला महोत्सव में 500 से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि हमारे विद्यार्थी शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक, रचनात्मक और व्यावहारिक क्षेत्रों में भी समान रूप से रुचि रखते हैं. 16 से अधिक प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने और उन्हें निखारने का अवसर मिला है. विश्वविद्यालय का निरंतर प्रयास है कि विद्यार्थियों को ऐसा शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए, जहां उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहन मिले और वे आत्मविश्वास के साथ भविष्य की चुनौतियों का सामना कर सकें.

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह, कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि, कुलसचिव नागेंद्र कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. मोजिब अशरफ, अकादमिक सलाहकार प्रो. दिलीप शोम, आईक्यूएसी निदेशक डॉ. गरिमा सिंह, डीन एडमिनिस्ट्रेशन डॉ. राकेश कुमार, डीन एकेडमिक  अभिनव कुमार सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे. बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की रौनक और उत्साह को और बढ़ाया. दीपावली से पूर्व आयोजित इस महोत्सव ने विद्यार्थियों के बीच उत्सव, एकता, सहयोग और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश प्रसारित किया.